
फतेहपुर। उप्र के फतेहपुर में मकबरे के मंदिर होने का दावा करते हुए सोमवार को जमकर बवाल और पथराव हुआ। हिंदू संगठनों ने धार्मिक स्थल पर 20 मिनट तक कब्जा जमाए रखा।
इस दौरान मजारों और कब्रों में तोड़फोड़ की गई। धार्मिक स्थल पर भगवा लहराया। मामले में 10 नामजद समेत 160 पर केस दर्ज किया गया है।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार शहर के आबूनगर रेड्डया में प्राचीन धार्मिक स्थल है। कई वर्षों से एक समुदाय के लोग इसके अनुयायी हैं।
मंदिर मठ संरक्षण संघर्ष समिति के सदस्य धनंजय द्विवेदी समेत अन्य लोगों ने सात अगस्त को डीएम रविंद्र सिंह को एक मांगपत्र सौंपकर स्थल को प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर बताया था।
इसमें नए सिरे से रंगाई-पुताई और बिना अनुमति के मजारों के स्थापित किए जाने का दावा किया गया था। समिति की ओर से सोमवार को यहां साफ-सफाई कर पूजा पाठ की बात कही गई थी।
एसपी अनूप सिंह ने कहा सभी लोगों को समझाकर घर भेज दिया गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 10 थानों की फोर्स व एक प्लाटून पीएसी व गैर जिलों से फोर्स बुलाया गया है। झंडे हटा दिए गए हैं। उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।