
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन के साथ ही सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान जारी है। उपेंद्र कुशवाहा के एक ट्वीट ने NDA में हलचल मचा दी है, जिसमें उन्होंने इसे छल और धोखा बताया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद प्रत्याशियों की सूची जारी होने की संभावना है।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का नामांकन शुरू हो चुका है, लेकिन सीट शेयरिंग की गांठें अभी भी उलझी हुई हैं। NDA की बात करें तो एक तरफ जहां, चिराग और मांझी टेंशन बढ़ा रहे हैं,वहीं अब RLM चीफ उपेंद्र कुशवाहा के एक ट्वीट ने सियासी अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।
उन्होंने सोशल मीडिया X पर ट्वीट करते हुए लिखा कि इधर-उधर की खबरों पर मत जाइए। वार्ता अभी पूरी नहीं हुई है। इंतजार कीजिए! मीडिया में कैसे खबर चल रही है, मुझको नहीं पता। अगर कोई खबर प्लांट कर रहा है तो यह छल है, धोखा है। आप लोग ऐसे ही सजग रहिए।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार, शनिवार को केंद्रीय चुनाव समिति एवं रविवार को संसदीय बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है। दोनों बैठक के उपरांत भाजपा प्रत्याशियों की सूची पर अंतिम मुहर लग जाएगी। इससे पहले सीटों की बंटवारे की घोषणा होगी।
इसकी सूचना मिलते ही भाजपा के कई विधायक एवं दर्जनों भावी प्रत्याशी दिल्ली पहुंच गए हैं। वहीं, टिकट के कई दावेदार दिल्ली में कैंप किए हुए हैं।