ऑपरेशन कावेरी: भारतीयों का 10वां जत्था जेद्दाह के लिए रवाना, 135 यात्री हैं शामिल

खार्तूम। युद्ध ग्रस्त देश सूडान से ऑपरेशन कावेरी के तहत भारतीयों का 10वां जत्था सऊदी अरब के शहर जेद्दाह के लिए रवाना हो गया है। इस जत्थे में 135 यात्री शामिल हैं। बता दें कि सूडानी आर्मी और पैरामिलिट्री रैपिड सपोर्ट फोर्सेस के बीच 72 घंटे का सीजफायर बढ़ाने पर सहमति बन गई है।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारतीय वायुसेना के सी-130जे विमान ने पोर्ट सूडान से जेद्दाह के लिए उड़ान भरी है, जिसमें भारतीयों के 10वें जत्थे के 135 लोग सवार हैं।

केंद्रीय मंत्री जेद्दाह में मौजूद

सूडान से जेद्दाह पहुंच रहे भारतीयों के स्वागत के लिए केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन वहां मौजूद हैं। वी मुरलीधरन ने इससे पहले अपने एक ट्वीट में बताया था कि उन्होंने जेद्दाह एयरपोर्ट पर भारतीयों के आठवें जत्थे को रिसीव किया है।

इस जत्थे में सूडान में स्थित भारतीय दूतावास के कर्मचारियों के परिजन भी शामिल हैं। सूडान में करीब  तीन हजार भारतीय रह रहे थे, ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही भारत का ऑपरेशन कावेरी सफलतापूर्वक पूरा हो जाएगा।

सूडान में सीजफायर

बता दें कि सूडान में तीन दिन का सीजफायर चल रहा था, जिसे गुरुवार रात फिर से अगले 72 घंटे के लिए बढ़ा दिया गया है। सऊदी अरब और अमेरिका ने इस सीजफायर को लेकर मध्यस्थता की। साथ ही अमेरिका, सऊदी अरब, नॉर्वे, ब्रिटेन, यूएई के डिप्लोमैट्स ने इस सीजफायर को बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था। जिसके बाद दोनों पक्ष इसके लिए तैयार हो गए।

गौरतलब है कि सूडान में सेना प्रमुख अब्देल फतह अल बुरहान और उनके डिप्टी और पैरामिलिट्री फोर्स रैपिड सपोर्ट फोर्स के मुखिया कमांडर मोहम्मद हमदान दागलो के बीच लड़ाई छिड़ी हुई है। इस लड़ाई में अब तक सैंकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों घायल हुए हैं।

Back to top button