मैनपुरी: दूल्हा-दुल्हन समेत पांच परिजनों की हत्या, फिर खुद को गोली मारकर दी जान

मैनपुरी। यूपी के मैनपुरी जिले से आज शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के थाना किशनी के गांव गोकुलपुर में शादी की खुशियों वाले घर में शुक्रवार/ शनिवार तड़के तीन बजे चीत्कार मच गई। एक युवक ने अपने पांच स्वजनों की गड़ासे से काटकर हत्‍या करने के बाद स्वयं को भी गोली मार ली। सूचना मिलने के बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शिववीर सिंह ने अपने दो भाई, बहनोई, भाई की नवविवाहित पत्नी और दोस्त की बांके से काटकर हत्या कर दी है। हत्यारे ने बाद में खुद भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। तीन घायलों को अस्पताल व शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर कई थानों का फोर्स पहुंची है।  

हत्याकांड को क्यों अंजाम दिया गया, इसकी पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, गांव गोकुलपुर अरसारा निवासी सुभाष चंद्र यादव के तीन पुत्र शिववीर, सोनू और भुल्लन थे। शुक्रवार को मझले पुत्र सोनू (20) की बरात इटावा के थाना चौबिया क्षेत्र के गांव गंगापुर से लौट कर आई थी।  

कोल्ड ड्रिंक में कोई नशे की गोली मिलाकर सभी को पिलाई

घर में नई बहू सोनी (20) के आने से खुशियों का माहौल था। शुक्रवार की देर रात एक बजे तक सभी लोग डीजे बजा कर नाच गा रहे थे। रात में शिववीर ने कोल्ड ड्रिंक में कोई नशे की गोली मिलाकर सभी को पिला दी। सभी के बेहोश होने के बाद शिववीर ने बांके से आंगन में सो रहे भाई भुल्लन (20), बहनोई सौरभ निवासी चांदा हविलिया (26), भाई के दोस्त दीपक (20) निवासी फिरोजाबाद की हत्या कर दी।  

दुल्हन को भी बांके से काट डाला

इसके बाद छत पर सो रहे सोनू (22) और नवविवाहिता सोनी की भी गला काटकर हत्या कर दी। हमले में पिता सुभाष, आरोपी की पत्नी और मामी गंभीर रूप से घायल हो हैं। पांच हत्याएं करने के बाद शिववीर ने घर से कुछ दूर जाकर खुद भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली।  

घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद एसपी विनोद कुमार और कई थानों की फोर्स गांव पहुंची। तीन घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए गए हैं। हत्यारा शिववीर नोएडा में कंप्यूटर सेंटर का संचालन करता था।

हत्याकांड क्यों अंजाम दिया गया, इसकी वजह अभी पता नहीं लग सकी है। पुलिस कारण जानने का प्रयास कर रही है। इस नृशंस हत्याकांड के बाद एडीजी राजीव कृष्ण और आइजी दीपक कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया।

Back to top button