भारतीय टीम का एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्‍वागत, 11 बजे खिलाड़‍ियों से मिलेंगे PM

नई दिल्ली। भारतीय टीम गुरुवार को सुबह 6 बजे बारबाडोस से नई दिल्‍ली पहुंची। पता हो कि भारतीय खिलाड़ी ब्रिजटाउन में हरिकेन बेरिल चक्रवात के कारण तीन दिन तक फंसे हुए थे। भारतीय स्‍टाफ को बुधवार को स्‍पेशल चार्टर्ड फ्लाइट के जरिये देश लाया गया।

रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम का नई दिल्‍ली एयरपोर्ट पर जोरदार स्‍वागत हुआ। दिल्ली हवाई अड्डे के बाहर फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा। हर किसी ने गर्मजोशी से भारतीय टीम का स्वागत किया। कई फैंस तो रात में ही एयर पोर्ट पहुंच गए थे।

विराट को देखते ही शोर मचाने लगे फैंस

टीम के खिलाड़ी एयरपोर्ट के बाहर आए और बस से होटल के लिए रवाना हो गए। इस बीच विराट कोहली जब बस में चढ़ रहे थे तो उन्होंने फैंस की तरफ देखा और उनका अभिवादन स्वीकार किया। फैंस विराट कोहली को देखते ही शोर मचाने लगे।

पीएम मोदी से मिलेगी टीम

टीम आज सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मिलेगी। उसके बाद आज ही मुंबई रवाना होगी। टीम आज ही मुंबई के नरीमन प्वाइंट से वानखेड़े स्टेडियम के बीच खुली बस पर रोड शो करेगी। पहले ये कार्यक्रम कल होना था। खिलाड़ियों को जल्दी फ्री करने के लिए ये कार्यक्रम आज ही होगा।

बता दें कि विश्व जीतने के बाद ही भारतीय टीम को भारत लौटना था लेकिन बारबाडोस में तूफान के कारण टीम को वहीं रोक दिया था। दो दिन की देरी के बाद, BCCI ने पूरी टीम और उनके परिवारों के एक साथ घर लौटने के लिए एक चार्टर्ड उड़ान की व्यवस्था की।

Back to top button