‘तेरा भी हाल दादी की तरह…’ किसने दी राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी?

नई दिल्ली। कुछ दिनों पहले सिख समुदाय को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका में एक बयान दिया था। इस बयान पर सियासी हंगामा खड़ा हो चुका है। वहीं, देश में सिख समुदाय के कई लोग राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जाहिर कर चुके हैं। 

वहीं, बीजेपी समर्थित सिख प्रकोष्ठ ने बुधवार 11 सितंबर को सोनिया गांधी के दिल्ली स्थित आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान बीजेपी नेता तरविंदर सिंह मारवाह पर राहुल गांधी को मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। बीजेपी नेता के खिलाफ कांग्रेस एफआईआर दर्ज करवाने पर विचार कर रही है।

भाजपा नेता ने राहुल गांधी को क्या दी है धमकी?

पूर्व विधायक तरविंदर सिंह ने कहा था, ‘राहुल गांधी बाज आ जा, नहीं तो आने वाले टाइम में तेरा भी वही हाल होगा, जो तेरी दादी का हुआ।’ इस दौरान भाजपा सिख प्रकोष्ठ ने कहा कि अमेरिका में राहुल गांधी ने भारत और सिखों का अपमान किया है। उन्होंने विदेशी धरती पर हमारे देश को बदनाम किया। इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

राहुल गांधी ने क्या कहा था?

अमेरिका के वर्जीनिया में भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमारी लड़ाई ये है कि भारत में पगड़ी पहनने की अनुमति दी जाएगी और क्या सिख गुरुद्वारे जा सकेंगे।

राहुल गांधी ने कहा था,”सबसे पहले,यह समझना होगा कि लड़ाई किस बारे में है। लड़ाई राजनीति के बारे में नहीं है। यह सतही है। लड़ाई इस बारे में है कि क्या एक सिख को भारत में पगड़ी पहनने की अनुमति दी जाएगी। या एक सिख को भारत में कड़ा पहनने की अनुमति दी जाएगी। या गुरुद्वारा जाने दिया जाएगा। लड़ाई इसी बारे में है और सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि सभी धर्मों के लिए है।”

Back to top button