दिल्ली: रेखा गुप्ता के साथ प्रवेश वर्मा-कपिल मिश्रा भी लेंगे शपथ, सभी छह मंत्रियों के नाम का एलान

नई दिल्ली। दिल्ली की नव निर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद आज 20 फरवरी को शपथ लेंगी। उनके साथ छह कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे।

इससे पूर्व कल 19 फरवरी को पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और राष्ट्रीय मंत्री ओपी धनखड़ ने मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की। शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

कल बुधवार रात को ही रेखा गुप्ता ने दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात करके दिल्ली में सरकार बनाने के लिए दावा पेश किया। उपराज्यपाल को उन विधायकों की सूची भी सौंपी जिन्हें, आज 20 फरवरी को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई जाएगी।

ये हैं वो छह नाम जो बनेंगे मंत्री

दिल्ली की नई सरकार के शपथग्रहण में मुख्यमंत्री के साथ छह मंत्री भी शपथ लेंगे। प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्राज दिल्ली में कैबिनेट मंत्री होंगे।

  1. प्रवेश वर्मा

सीएम की रेस में रहने वाले नई दिल्ली से विधायक चुने गए प्रवेश वर्मा को भी दिल्ली की नई कैबिनेट में शामिल किया गया है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा सीएम की रेस में सबसे आगे थे।

  1. कपिल मिश्रा

कपिल मिश्रा को भी दिल्ली की नई कैबिनेट में शामिल किया गया है। करावल नगर से विधायक कपिल मिश्रा भी आज मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने करावल नगर से दूसरी बार जीत हासिल की है। भाजपा से पहले वह आम आदमी पार्टी में भी रह चुके हैं।

  1. आशीष सूद

रेखा गुप्ता के साथ आशीष सूद भी आज मंत्री पद की शपथ लेंगे। आशीष सूद जनकपुरी से चुनाव जीते हैं। वे पहली बार विधायक बने हैं। इससे पहले आशीष पार्षद रहे हैं। वे भाजपा के गोवा व जम्मू कश्मीर के प्रभारी भी हैं। सूद पंजाबी समाज से आते हैं। प्रदेश भाजपा नेतृत्व भी पंजाबी समाज से ही है।

  1. मनजिंदर सिंह सिरसा

मनजिंदर सिंह सिरसा को भी दिल्ली की नई कैबिनेट में शामिल किया गया है। वह राजौरी गार्डन से विधायक हैं। तीसरी बार विधायक बने सिरसा दिल्ली में भाजपा का सिख चेहरा हैं। साल 2021 में मनजिंदर सिंह सिरसा शिरोमणि अकाली दल से भाजपा में शामिल हुए थे। 

  1. पंकज सिंह

विकासपुरी से जीत हासिल करने वाले विधायक पंकज सिंह का नाम भी मंत्री पद की शपथ लेने वालों में शामिल है।

  1. रविंद्र इंद्राज

बवाना सुरक्षित सीट से पहली बार विधायक बने रविंद्र इंद्राज भी मंत्री पद की शपथ लेंगे।

Back to top button