खुशियां रंगबिरंगी, अबीर-गुलाल से रंगा देश; राष्ट्रपति-पीएम ने देशवासियों को दी बधाई

नई दिल्ली। आज रंगों के त्योहार होली की पूरे देश में धूम है। होली हर्षोल्लास का त्योहार है, जहां हर कोई रंगों, मिठाइयों और खुशी में डूबा है। लोग एक दूसरे को रंग, पिचकारी और गुलाल लगाकर होली के त्योहार को बड़े ही उत्साह के साथ मना रहे हैं।

आम लोगों से लेकर जानी-मानी हस्तियों तक सभी विभिन्न प्रकार रंग और गुलाल से रंगे हुए हैं। सियासी गलियारों में भी रंगों का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम हस्तियों ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर बंगाल और देश के कोने-कोने तक लोग रंगों में सराबोर नजर आए।

उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और इस त्योहार को एकता का संदेशवाहक बताया।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें।

होली का रंग देश से लेकर विदेश तक छाया रहा। दुनिया भर में लोगों ने रंगों का त्योहार मनाया। महादेव की नगरी काशी यानी वाराणसी में विदेशी पर्यटकों ने जमकर होली खेली।

रंगों के त्योहार होली से जुड़ी धार्मिक मान्यता के अनुसार विभिन्न देवताओं को प्रसन्न करने और अपने जीवन में सुख, समृद्धि, सफलता और शांति लाने के लिए विशेष रंग की गुलाल अर्पित करना शुभ माना जाता है।

उप्र के संभल में 46 साल में पहली बार ऐतिहासिक कार्तिकेय महादेव मंदिर में फूलों और गुलाल के साथ होली मनाई गई। इस अवसर पर सामाजिक और हिंदू संगठनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जबकि शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

Back to top button