
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की को बड़ा झटका देने की तैयारी कर ली है। यूक्रेन के साथ शांति समझौते के तहत अमेरिका क्रीमिया पर रूसी नियंत्रण को मान्यता देने को तैयार है।
युद्ध विराम के प्रस्तावित रूपरेखा से परिचित एक अधिकारी ने यह जानकारी साझा की। रूपरेखा को गुरुवार को पेरिस में यूक्रेनी और यूरोपीय अधिकारियों के साथ साझा भी किया गया।
2014 में रूस ने किया था कब्जा
रूस ने साल 2014 में क्रीमिया पर अपना कब्जा किया था। उससे पहले यह हिस्सा यूक्रेन के पास था। जेलेंस्की कई मौकों पर क्रीमिया को रूस को सौंपने से इनकार कर चुके हैं। ट्रंप हर हाल में यूक्रेन और रूस के बीच शांति समझौता चाहते हैं। शांति प्रस्ताव में दोनों देशों के बीच तत्काल युद्ध विराम शामिल है।
रुबियो ने की लावरोव से बातचीत
CNN ने अपने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी कि इस प्रस्ताव के बारे में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के बीच फोन पर बात भी हुई। प्रस्ताव के कुछ हिस्सों पर अभी चर्चा जारी है। अमेरिका अगले हफ्ते लंदन में यूरोप और यूक्रेन के साथ इस पर बात करेगा।
अमेरिका ने गुरुवार को पेरिस में अपने सहयोगी देशों के सामने शांति प्रस्ताव की रुपरेखा पेश की। इसमें युद्ध को समाप्त करने और स्थायी युद्धविराम की स्थिति में मास्को पर प्रतिबंधों में ढील देने की शर्त शामिल है।
पुतिन को गिफ्ट!
अगर अमेरिका क्रीमिया पर रूसी कब्जे को मान्यता देता है तो यह पुतिन के लिए एक गिफ्ट होगा। रूस लंबे समय से चाहता था कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय क्रीमिया पर रूसी कब्जे को मान्यता दे।
उधर, ट्रंप ने उम्मीद जताई कि दोनों पक्ष युद्ध विराम पर सहमत होंगे। अगर किसी पक्ष ने समर्पण की कमी दिखाई तो अमेरिका खुद को इससे अलग कर लेगा।