बोकारो: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी सहित 8 नक्सली ढेर

ललपनिया (बोकारो)/रांची। झारखण्ड राज्य के बोकारो जिले के लुगू पहाड़ की तलहटी में पुलिस व CRPF की टीम के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ चल रही है। इस मुठभेड़ में 8 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। सुरक्षा बलों की टीम की अगुवाई कोयला क्षेत्र के DIG सुरेंद्र कुमार झा, SP मनोज स्वर्गियारी समेत अन्य अधिकारी कर रहे हैं।

मारे गए 8 नक्सली

अधिकारियों ने बताया कि 209 कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन (कोबरा) के जवानों, झारखंड जगुआर और CRPF का संयुक्त अभियान है। इसमें आठ नक्सली मारे गए।

नक्सलियों के पास से दो इंसास राइफल, एक सेल्फ लोडिंग राइफल (SLR), AK47 और एक पिस्तौल सहित कई हथियार जब्त किए गए हैं। सुरक्षाकर्मियों में से किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मालूम हो कि कोबरा CRPF की विशेष जंगल युद्ध इकाई है।

एक करोड़ का इनामी ढेर

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एक करोड़ के इनामी विवेक, 25 लाख के इनामी स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य अरविंद यादव के मारे जाने की खबर है।

सुबह लगभग 4 बजे से शुरू हुई मुठभेड़

ग्रामीणों के अनुसार सुबह चार बजे से ही लुगू पहाड़ की तलहटी के चोरगांवा मुंडाटोली के आस-पास गोलियों की तड़तड़ाहट की आवाज सुनकर उन लोगों की नींद खुली।

बाहर निकल कर देखा गया तो भारी संख्या में पुलिस बल आस-पास के इलाके में मौजूद था। आस-पास के इलाके में पुलिस ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है।

Back to top button