UPSC 2024 का अंतिम परिणाम जारी; प्रयागराज की शक्ति दुबे ने किया टॉप, 1009 का हुआ चयन

नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। जो भी उम्मीदवार साक्षात्कार दौर में शामिल हुए थे, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइटों upsc.gov.in. और upsconline.gov.in. पर जाकर परिणाम देख सकते हैं।

आयोग ने कहा है कि 241 उम्मीदवारों की उम्मीदवार अनंतिम है। वहीं, 1 उम्मीदवार का परिणाम रोक लिया गया है। कुल 1009 उम्मीदवारों को नियुक्ति के लिए चुना गया है।

शक्ति दुबे ने किया टॉप

प्रयागराज की शक्ति दुबे ने यूपीएससी सीएसई 2024 में टॉप किया है। इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है। शक्ति दुबे ने रैंक 1 हासिल कर इस साल टॉप किया। वहीं, हर्षिता गोयल दूसरे और डोंगरे अर्चित पराग तीसरे स्थान पर रहे।

शक्ति दुबे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं। उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की। इसके बाद बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से बायोकेमिस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएट पूरा किया और साल 2018 से UPSC की तैयारी शुरू कर दी थी।

1129 पदों के लिए आयोजित हुई थी परीक्षा

सिविल सेवा परीक्षा 2024 कुल 1129 पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की गई थी। सेवानुसार रिक्ति विवरण निम्न प्रकार है:

भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए कुल 180 पद

भारतीय विदेश सेवा के लिए 55 पद।

भारतीय पुलिस सेवा के लिए 147 पद।

केंद्रीय सेवाएं ग्रुप ‘क’ के लिए 605 पद।

केंद्रीय सेवाएं ग्रुप ‘ख’ के लिए 142 पद।

श्रेणीवार चयनित अभ्यर्थियों की संख्या

नियुक्ति के लिए कुल 1009 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है। जिसमें 335 उम्मीदवार सामान्य श्रेणी के, 109 ईडब्ल्यूएस श्रेणी, 318 ओबीसी, 160 एससी और 87 एसटी श्रेणी के उम्मीदवार शामिल हैं।

Back to top button