
कोलकाता। 43 की उम्र में भी महेंद्र सिंह धोनी का जलवा कायम है। अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर धोनी ने ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसे तोड़ पाना लगभग नामुमकिन है। धोनी ने IPL इतिहास का अनोखा शतक ठोका।
एमएस धोनी आईपीएल इतिहास के इकलौते क्रिकेटर बन गए हैं, जो 100 बार नाबाद रहे हो। उन्होंने बुधवार को आईपीएल 2025 के 57वें मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच में यह उपलब्धि हासिल की। धोनी ने 18 गेंदों में एक छक्के की मदद से 17 रन बनाए।
धोनी की नाबाद पारी का फायदा चेन्नई सुपरकिंग्स को मिला, जिसने हार का सिलसिला तोड़ते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स को उसके घर में दो गेंदें शेष रहते दो विकेट से रौंदा। सीएसके की यह 12 मैचों में तीसरी जीत रही। याद हो कि येलो ब्रिगेड पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।
धोनी की बादशाहत
बता दें कि IPL इतिहास में सबसे ज्यादा बार नाबाद रहने के मामले में एमएस धोनी के सबसे करीब उन्हीं के साथी रवींद्र जडेजा हैं। जडेजा 80 बार नाबाद रहे हैं। मुंबई इंडियंस के पूर्व ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर काबिज हैं। पोलार्ड 52 बार नाबाद रहे हैं।
आरसीबी के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक 50 बार नाबाद रहते हुए इस लिस्ट में चौथे स्थान पर है। लखनऊ सुपरजायंट्स के डेविड मिलर 49 बार नाबाद रहते हुए टॉप-5 की लिस्ट को पूरा करते हैं।
IPL में सबसे ज्यादा बार नाबाद रहने वाले बल्लेबाज
MS धोनी – 100*
रवींद्र जडेजा – 80
किरोन पोलार्ड – 52
दिनेश कार्तिक – 50
डेविड मिलर – 49
CSK ने तोड़ा हार का सिलसिला
मैच की बात करें तो KKR ने ईडन गार्डन्स पर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 179 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपरकिंग्स ने 19.4 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। CSK के स्पिनर नूर अहमद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 4 ओवर के अपने कोटे में 31 रन देकर चार विकेट झटके।