
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक महिला के साथ दुष्कर्म के बाद बेरहमी से वार कर उसकी हत्या की घटना सामने आई है। पीएम करने वाली डॉक्टर ने बताया कि जब शव लाया गया तो उसकी आंते बाहर थीं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं जांच में महिला की बच्चेदानी शरीर से बाहर होने जैसी स्थिति से इनकार किया जा रहा है। दूसरी ओर शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। महिला की मौत हादसे के करीब 18 घंटे बाद हुई है।
इधर, पीएम करने वाले पैनल में शामिल डॉ. सीमा सूते के अनुसार जब शव आया था तो आंतें बाहर थीं। यह पेट पर लात मारने या अंदरूनी हिस्से में किसी वस्तु से प्रहार करने से हो सकता है।
दो आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज
इस घटना में गंभीर रूप से घायल पीड़िता की 24 मई को सुबह घर में मौत हो गई थी, तब पुलिस को सूचना दी गई। इससे पहले स्वजन ने पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी थी। पुलिस की तरफ से मर्ग कायम कर शव को देर रात खंडवा जिला अस्पताल भेजा गया था।
यहां रविवार दोपहर दो महिला चिकित्सकों क पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। वहीं, रोशनी पुलिस ने इस मामले में गांव के दो आरोपितों के विरुद्ध दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का ग्राम में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बेहोशी की हालत में घर पर मिली थी मां
महिला के बेटे ने पुलिस को बताया कि मां मुझे बेहोशी की हालत में हरि के घर पर मिली थी। मां ने कहा कि सुनील और हरि ने मेरे साथ गलत किया।
पीड़िता के इन्हीं कथनों के आधार पर पुलिस ने हरि और सुनील को आरोपित बनाया। उल्लेखनीय है कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने वाले दोनों आरोपित उसी के गांव परिचित हैं। पीड़िता द्वारा दोनों आरोपित के साथ रात में शराब का सेवन करने की बात भी पुलिस ने कही है।
पीड़िता के बेटे ने बताया कि मां शादी समरोह में गई थी। रात को घर नहीं लौटी। हमें लगा कि वो वहीं रुक गई होगी। गांव की एक महिला ने बताया कि वो हमारे आंगन में बैठी है। तब हम वहां पहुंचे तो मां बेहोश अवस्था में थी। हमने उन्हें पानी पिलाया और होश में लाए।
यह है पूरा मामला
रविवार को एएसपी ग्रामीण राजेश रघुवंशी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 23 मई को एक गांव में शादी समारोह में पीड़िता शामिल हुई थी। उसके साथ हरि भी था।
शादी समारोह के बाद पीड़िता उसके साथ इसी समारोह में शामिल एक अन्य महिला को उसके घर छोड़ने गई थी। लगभग 6:30 बजे दोनों ने उस महिला को खेत वाले घर पर छोड़ा।
उसके बाद पीड़िता हरि के साथ उसके घर पर आई। वहां पर कुछ देर बाद सुनील भी आ गया। हरि के घर पर सुनील, हरि व पीड़िता को देखा गया था।
घटना स्थल पर पुलिस को महिला की बच्चेदानी बाहर निकलने जैसी कोई स्थिति नहीं दिखी। इस संबंध में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी, जिससे अन्य चीजों का खुलासा हो पाएगा।