
लखनऊ। मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल प्रदेश के 56वें मुख्य सचिव बन गए हैं। वर्ष 1989 बैच के IAS अधिकारी एसपी गोयल ने गुरुवार शाम छह बजे लोकभवन पहुंचकर मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया। वह 31 जनवरी 2027 तक मुख्य सचिव रह सकते हैं।
केंद्र सरकार से मुख्य सचिव पद पर सेवा विस्तार न मिलने से गुरुवार शाम मनोज कुमार सिंह सेवानिवृत्त हो गए। राज्य सरकार ने सेवा विस्तार के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा था। मनोज से पहले मुख्य सचिव रहे दुर्गा शंकर मिश्र को ढाई वर्ष का सेवा विस्तार मिला था।
आईएएस अधिकारियों में वर्ष 1988 बैच के मनोज कुमार सिंह के बाद सबसे वरिष्ठ अधिकारी गोयल हैं। वरिष्ठता को देखते हुए उनको मुख्य सचिव की कुर्सी मिल गई। उनका रिटायरमेंट जनवरी 2027 में है।
इस दौरान अगले वर्ष प्रदेश में पंचायत चुनाव होंगे। वहीं 2027 के मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि उन्हें सेवा विस्तार भी मिल सकता है।
गोयल पिछले आठ वर्ष से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हैं। पहले मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रहे फिर जून 2020 में अपर मुख्य सचिव बन गए।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप जीरो टॉलरेंस, जीरो करप्शन, औद्योगिक विकास व आर्थिक विकास की नीतियों को धरातल पर उतारने पर पूरा जोर रहेगा। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाने का प्रयास करूंगा।