त्योहार के दिनों में सीटें अभी से फुल, 12 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी

नई दिल्ली। त्योहार के दिनों में ट्रेनों में कन्फर्म टिकट प्राप्त करना आसान नहीं है। इन दिनों ट्रेन में भीड़ बढ़ जाती है। टिकट की मांग बढ़ जाती है। दशहरा, दीपावली और छठ में दिल्ली से अपने घर जाने वाले विशेषकर पूर्व दिशा के यात्रियों को भी कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी हो रही है।

बुकिंग शुरू होते ही कुछ मिनट में ही सभी टिकट बिक जाते हैं। लोग प्रतीक्षा सूची के टिकट खरीदने को मजबूर हो रहे हैं। उनके सामने अधिक पैसे खर्च कर तत्काल टिकट खरीदने का विकल्प है या फिर विशेष ट्रेन की घोषणा का।

पहले यात्रा शुरू होने के 120 दिन पहले तक आरक्षित टिकट लिया जा सकता था। 1 नवंबर, 2024 से यह अवधि कम करके 60 दिन कर दी गई है। दो अक्टूबर को दशहरा, 21 को दीपावली और 27 व 28 अक्टूबर को छठ पूजा है।

दशहरा के समय पटना के लिए राजधानी एक्सप्रेस में कुछ सीटें उपलब्ध हैं, लेकिन दीपावली व छठ के समय अधिकांश ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची का भी टिकट नहीं मिल रहा है। भागलपुर के लिए न तो दशहरा व दीपावली के समय किसी ट्रेन में सीट उपलब्ध नहीं है।

गया के लिए भी किसी ट्रेन में जगह नहीं है। अधिकांश ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची का टिकट भी नहीं मिल रहा है। कोलकाता और रांची जाने वाली ट्रेनों की भी यही स्थिति है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहार में होने वाली भीड़ को ध्यान में रखकर बड़े शहरों से 12 हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी है। दिल्ली से भी पर्याप्त संख्या में विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।

अधिकांश विशेष ट्रेनें बिहार के लिए चलेंगी। प्रत्येक रूट का आकलन किया जा रहा है। आवश्यकता अनुसार विशेष ट्रेनों की घोषणा होगी जिससे कि लोग त्योहार में अपने स्वजनों के पास पहुंच सकें।

Back to top button