हॉकी: एशियाई चैंपियन बन भारत ने विश्वकप के लिए किया क्वालिफाई, PM ने दी बधाई

राजगीर। एशिया कप हॉकी के फाइनल में भारतीय टीम ने कोरिया को हराकर खिताब जीत लिया। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मैच में भारतीय हॉकी टीम ने 4-1 के अंतर से साउथ कोरिया को पटखनी दी।

इस जीत के साथ ही टीम ने अगले साल यानी 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड्स द्वारा संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाली विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है। चीन को 7-0 से रौंद कर यहां पहुंची इंडिया ने कोरिया के खिलाफ 4-1 की बड़ी जीत हासिल की।

यह चौथी बार है जब भारत ने एशिया कप का खिताब जीता है। इससे पहले साल 2003, 2007 और 2017 में चैंपियन बना था। ऐसे में इंडिया के हॉकी एशिया कप चैंपियन बनने के बाद पीएम मोदी से लेकर भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर के रिएक्शन सामने आए हैं।

PM मोदी ने भारतीय हॉकी टीम को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशिया कप 2025 में भारत की पुरुष हॉकी टीम की शानदार जीत पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “हमारी पुरुष हॉकी टीम को एशिया कप 2025 में शानदार जीत के लिए बधाई!

यह जीत और भी खास है क्योंकि टीम ने मौजूदा चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराया है। यह भारतीय हॉकी और भारतीय खेलों के लिए गर्व का पल है। हमारी टीम यूं ही नई ऊंचाइयां हासिल करती रहे और देश का नाम रोशन करें।”

मनसुख मांडविया हुए गदगद

युवा मामलों और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “शानदार प्रदर्शन! भारतीय हॉकी टीम को कोरिया को 4-1 से हराकर एशिया कप का खिताब जीतने पर हार्दिक बधाई। आपने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाकर मिसाल कायम की है। सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं।”

कोच गंभीर का सामने आया रिएक्शन

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी भारतीय हॉकी टीम की सराहना की। उन्होंने एक्स पर लिखा, “शाबाश लड़कों! गजब का प्रदर्शन।”

Back to top button