दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले दो शूटर ढेर, पिता ने कहा- थैंक्स योगी जी  

बरेली। उप्र के बरेली जनपद में बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में UP STF व पुलिस की संयुक्त टीम ने जिन दो शूटरों को मार गिराया, वह एक-एक लाख के इनामी थे। इनके अलावा पहले दिन फायरिंग करने वाले दो अन्य शूटरों पर भी एडीजी के स्तर से एक-एक लाख रुपये का इनाम है, पुलिस उनके पीछे है।

SSP अनुराग आर्य ने बताया कि दूसरे दिन 12 सितंबर की सुबह सेवानिवृत्त CO जगदीश पाटनी के घर फायरिंग करने वाला मुख्य शूटर हरियाणा के रोहतक के गांव वाहनी निवासी रविंद्र था तो अपाचे बाइक चलाने वाला सोनीपत के इंडियन बस्ती गोदाना रोड निवासी अरुण।

इन दोनों को संयुक्त टीम ने मार गिराया है। पहले दिन 11 सितंबर की सुबह सुपर स्पलेंडर बाइक से आए बागपत के लोहड्डा गांव निवासी नकुल ने फायरिंग की, जबकि बाइक को बागपत के वाजिदपुर निवासी विजय तोमर चला रहा था।

SSP ने दो दिन बाद ही इन्हें ट्रेस कर इनके नाम विवेचना में खोल दिए थे। उनके स्तर से चारों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। DIG ने इन चारों पर पचास हजार का इनाम घोषित किया और फिर ADG के स्तर से चारों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया। टीम ने नकुल व विजय को भी ट्रेस कर लिया है, जल्द ही इन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी में हुई मुठभेड़

बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर में फायरिंग के मामले में UP STF और दिल्ली स्पेशल सेल ने बुधवार शाम को ट्रॉनिका सिटी में हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों को ढेर कर दिया।

दोनों बदमाश गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गिरोह के सक्रिय सदस्य थे। दोनों बदमाशों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

UP STF नोएडा यूनिट के ASP राजकुमार मिश्र ने बताया कि 12 सितंबर को बरेली में दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले में चार बदमाशों के नाम सामने आए थे। फायरिंग की जिम्मेदारी गोल्डी बरार गिरोह ने ली थी।

मुठभेड़ में गोली लगने से रोहतक के काहनी का रहने वाला रविंद्र और इंडियन कालोनी गोहना रोड सोनीपत का रहने वाला अरुण घायल हो गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। उनके दो साथियों बागपत निवासी नकुल और विजय की तलाश की जा रही है।

मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के दो पुलिसकर्मी और UP STF के दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटनास्थल से एक ग्लॉक और एक जिगाना पिस्तौल के साथ बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस दोनों बदमाशों के बारे में अधिक जानकारी जुटा रही है।

12 सितंबर को अभिनेत्री के घर पर हुई थी फायरिंग

बरेली में बाइक सवार बदमाशों ने 12 सितंबर को तड़के करीब पौने चार बजे दिशा पाटनी के घर पर करीब नौ राउंड फायरिंग की थी। हमले के बाद गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गिरोह ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी ली थी। गिरोह ने इसे अभिनेत्री की बहन खुशबू पाटनी की ओर से कथावाचक प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य पर की गई टिप्पणी का बदला बताया था।

CCTV से मिला सुराग

उप्र के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, खुफिया जानकारी जुटाई और पड़ोसी राज्यों के रिकॉर्ड का मिलान किया। इससे अभिनेत्री के घर गोली चलाने वाले शूटरों की पहचान हुई।

दिशा पाटनी के पिता ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता सेवानिवृत्त डिप्टी SP जगदीश पाटनी ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कॉल पर बात कर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ जिस तरह से कार्रवाई की है उसने प्रदेश में भय मुक्त समाज की परिकल्पना को साबित किया है।

जगदीश पाटनी ने बुधवार को मुठभेड़ में दो अपराधियों के मारे जाने के बाद 34 सेकंड का एक वीडियो संदेश जारी किया है। पाटनी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके घर पर फायरिंग के बाद उसने वार्ता कर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे परिवार की सुरक्षा का आश्वासन दिया था।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री ने उनको भरोसा दिया था उस पर वह खरे उतरे। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की पुलिस अपराध मुक्त प्रदेश और भय मुक्त समाज की परिकल्पना को साबित कर रही है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और यूपी पुलिस का आभार जताया।

Back to top button