
नई दिल्ली/वाशिंगटन। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है। माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच ये वार्ता ठोस प्रगति कर रही है। वहीं, अमेरिका भारत पर शुल्क कम करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मामले से जुड़े एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी संवाददाताओं को दी। अधिकारी का कहना है कि दोनों देशों ने व्यापार संबंधी मामलों पर अपने मतभेद को कम कर लिया है।
सही दिशा में आगे बढ़ रही भारत-अमेरिका वार्ता
दरअसल, एनडीटीवी प्रॉफिट की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले से जुड़े एक अधिकारी ने नाम ना बताने की शर्त पर संवाददताओं से बताया कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार संबंधी मुद्दों पर कोई बड़ा मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत के वार्ताकारों की एक टीम पिछले हफ्ते अमेरिका में अधिकारियों के साथ एक सकारात्मक बैठकें हुईं।
क्या थोड़े नरम पड़े ट्रंप?
बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर सबसे अधिक 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। उन्होंने कहा कि भारत रूस से तेल खरीदकर यूक्रेन युद्ध में मॉस्को को अप्रत्यक्ष रूप से वित्तपोषित कर रहा है। हालांकि, भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद भी उन्होंने पीएम मोदी से कम से कम दो बार फोन पर वार्ता की है। इससे साफ है कि वह नरम पड़े हैं।
रूस से तेल खरीदता है भारत
गौरतलब है कि साल 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद भारत रूस से कच्चा तेल आयात करता है। जहां एक और पश्चिमी देशों ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया, बावजूद इसके भारत रूस से लगातार तेल खरीदता रहा।
ट्रंप ने पिछले दिनों भारत को चेतावनी दी थी कि रूस से तेल खरीदना बंद करे। भारत के रूस से तेल खरीदने के कारण अमेरिका ने 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया।