
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन कर रोहिणी में बिहार के चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। बताया गया कि बुधवार की देर रात में करीब 2.20 बजे, बहादुर शाह मार्ग पर दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की चार बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई। इस दौरान मुठभेड़ में चारों बदमाश मारे गए।
चारों आरोपियों को रोहिणी के डॉ. बीएसए हॉस्पिटल ले जाया गया। एनकाउंटर में बिहार के रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) मारे गए हैं। पुलिस के अनुसार, रंजन पाठक, बिमलेश महतो और मनीष पाठक सीतामढ़ी, बिहार के रहने वाले थे और अमन ठाकुर करवाल नगर, दिल्ली का रहने वाला था।
आगामी बिहार विधानसभा चुनावों से पहले गैंग सदस्यों द्वारा किसी बड़ी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की योजना बनाई थी। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में जाल बिछाया। चारों पर बिहार में कई मामले दर्ज हैं। जिसमें हत्याएं और सशस्त्र डकैती शामिल हैं।
डीसीपी का बयान
डीसीपी (क्राइम ब्रांच) संजीव यादव ने कहा कि दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बिहार पुलिस के साथ मिलकर रोहिणी में एक मुठभेड़ के दौरान बिहार के कुख्यात रंजन पाठक के ‘सिग्मा गिरोह’ के चार सदस्यों को मार गिराया।
मुठभेड़ सुबह करीब 2:20 बजे हुए। गिरोह के सदस्य आगामी बिहार विधानसभा चुनावों से पहले एक बड़ी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। विशेष खुफिया सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस अपराध शाखा और बिहार पुलिस की एक संयुक्त टीम ने इलाके में जाल बिछाया।
जब पुलिस दल ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद संक्षिप्त लेकिन भीषण गोलीबारी हुई। चारों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें रोहिणी के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चारों बदमाश बिहार में कई हत्याओं और सशस्त्र डकैती सहित कई मामलों में वांछित थे। दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। फोरेंसिक और अपराध स्थल जांच टीमों को बुलाया गया। आगे की जांच जारी है।