BCCI ने विजेता बेटियों के लिए खोली तिजोरी, दी ICC से भी ज्यादा प्राइज मनी

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को उनकी पहली वर्ल्ड कप जीत पर 51 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने नवी मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में हुए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर इतिहास रच दिया।

इससे पहले 2005 और 2017 के वर्ल्ड कप में भारत फाइनल तक तो पहुंचा था, लेकिन खिताब जीत नहीं पाया था। लेकिन 2025 ने सब बदल दिया। 2 नवंबर 2025 की रात भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद ही यादगार रहेगी। भारतीय महिला टीम को BCCI ने जो इनामी राशि दी है, वह ICC से मिलने वाली प्राइज मनी से भी ज्यादा है।

BCCI ने विनिंग टीम के लिए खोला खजाना

दरअसल, BCCI द्वारा दिया जा रहा 51 करोड़ का इनाम, ICC से मिलने वाली प्राइज मनी से भी ज्यादा है। ICC विजेता टीम को 4.48 मिलियन अमेरिकी डॉलर देगी, जो करीब 39.78 करोड़ रुपये होते हैं।

BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि महिला टीम को 51 करोड़ रुपये देने का फैसला टीम की शानदार जीत की सराहना के लिए लिया गया है। सैकिया ने कहा कि हमें जय शाह का भी धन्यवाद करना चाहिए, जो ICC के चेयरमैन हैं। इस टूर्नामेंट से सिर्फ एक महीने पहले ही उन्होंने महिला वर्ल्ड कप की प्राइज मनी में लगभग 300% की बढ़ोतरी करवाई थी।

उन्होंने आगे कहा कि आज डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारतीय टीम ने जिस तरह दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता, उससे BCCI बहुत खुश है। ICC की प्राइज मनी को छुए बिना, BCCI अपने खर्च पर 51 करोड़ रुपये का इनाम दे रही है। यह राशि खिलाड़ियों, चयनकर्ताओं और अमोल मजूमदार की अगुवाई वाले सपोर्ट स्टाफ, सभी को दी जाएगी।

शेफाली-दीप्ति का अद्भुत प्रदर्शन

भारत के लिए ICC महिला विश्व कप 2025 के फाइनल मैच में शेफाली वर्मा ने बल्ले और गेंद से कमाल दिखाया। चोटिल प्रतिका रावल की जगह टीम में शामिल की गईं शेफाली ने 87 रनों की पारी खेलने के साथ ही दो विकेट भी लिए। वहीं दीप्ति शर्मा (58) ने भी अर्धशतक लगाने के अलावा पांच विकेट चटकाए।

मैच में पहले बैटिंग करते हुए भारतीय महिला टीम ने 298 रन बनाए थे। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 246 रन पर ढेर हो गई। इस तरह भारतीय महिला टीम ने पहली बार वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।

Back to top button