
नई दिल्ली। उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी है। सुबह और शाम को ठंड का एहसास हो रहा है, तो दिन में खिली धूप थोड़ी राहत जरूर पहुंचा रही है।
जहां उत्तर भारत में ठंड बढ़ती जा रही है, तो दक्षिण भारत में लगातार बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया है।
दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण से हाल बेहाल
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार से ही मौसम में बदलाव है। पिछले दिनों की हवा के कारण दिल्ली में पारा गिर रहा है। इस बीच खराब हवा की गुणवत्ता से लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में अगले दो दिनों तक तेज हवाएं चलेंगी और ठंड का एहसास बढ़ेगा। हालांकि, इस समय दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
यूपी के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में अब हल्की ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा। सुबह और रात के समय ठंड और कोहरा बढ़ेगा। हालांकि, यूपी के किसी भी हिस्से में कोहरे की कोई संभावना नहीं है।
बिहार में भी तापमान में कमी
वहीं, बिहार में जहां सियायसी पारा लगातार बढ़ रहा है, तो वहीं, मौसम में ठंडक बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने बिहार में साफ मौसम की उम्मीद जताई है।
विभाग के अनुसार, 10 नवंबर तर बिहार ठंड और कोहरे की दस्तक देखने को मिल सकती है। कुछ जगहों पर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
पहाड़ों पर बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर नजर आ रही है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है।
दक्षिण भारत में बारिश से लोग परेशान
ध्यान देने वाली बात है कि जहां उत्तर भारत में तापमान में कमी देखने को मिल रही है, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में इस समय बारिश से हालात बेहद खराब हैं।
IMD ने तमिलनाडु में 6 से 8 नवंबर तक बारिश की उम्मीद जताई है। वहीं, कर्नाटक में भी भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।





