
वाशिंगटन। दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस से महज कुछ दूरी पर गोलीबारी हुई। यह घटना स्थानीय समयानुसार बुधवार दोपहर 2.30 बजे के करीब हुई।
दरअसल, व्हाइट हाउस के पास सड़कों पर हुई इस गोलीबारी में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो नेशनल गार्ड शामिल हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस घटना को आतंकी हमला करार दिया है।
ट्रंप ने बताया आतंकी हमला
व्हाइट हाउस के पास नेशनल गार्ड के सदस्यों पर गोलीबारी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि यह हमला ‘आतंकवाद का कृत्य’ था।
वॉशिंगटन में वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के साथ हुई गोलीबारी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने शहर में 500 और नेशनल गार्ड मेंबर्स को भेजने का ऑर्डर दिया।
ट्रंप ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के राज में अफगानिस्तान से अमेरिका में घुसे हर एक एलियन की फिर से जांच की जाएगी। नेशनल गार्ड मेंबर्स पर गोली चलने की घटना पर ट्रंप ने कहा कि DHS को यकीन है कि संदिग्ध 2021 में अफ़गानिस्तान से अमेरिका में घुसा था।
हमलावर गिरफ्तार
मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग ने इस घटना को लेकर बताया कि गोलीबारी व्हाइट हाउस के पास हुई है। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर नेशनल गार्ड के जवान गश्त पर थे, इसी दौरान हमलावर ने इस घटना को अंजाम दिया।
गोलीबारी के बाद अन्य गार्ड सदस्यों ने संदिग्ध को घेर लिया और गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 29 वर्षीय रहमानुल्लाह लकनवाल के रूप में हुई है। वह अफगानी नागरिक बताया जा रहा है।





