उप्र में करवट लेने जा रहा है मौसम, हवा का रुख बदलने से होगी कई जिलों में बारिश; अलर्ट जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर से करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई जिलों में बारिश हो सकती है।

उत्तरोत्तर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा का दौर शुरू हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह दौर 5 से 6 दिन तक रहेगा जिसकी वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक भी व्यापक वर्षा होने की संभावना है। हालांकि इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी से ठंड से थोड़ी राहत मिलने के आसार है।

रविवार देर रात प्रदेश में राजधानी लखनऊ समेत कई जगहों पर छिटपुट बारिश भी हुई लेकिन सोमवार को दिन में तापमान में अच्छी खासी बढ़ोतरी महसूस की गई।

राजधानी लखनऊ में ही दो दिन के भीतर न्यूनतम तापमान में आश्चर्यजनक ढंग से 7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा में दिशा परिवर्तन होगा और पूर्वा से पछुआ हो जाएगी।

आसमान में बादलों की उपस्थिति से पिछले 24 घंटों के दौरान बीती रात प्रदेश में कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा हुई। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में औसतन 4-6 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ कोहरे के घनत्व में भी कमी आई है।

इसके परिणामस्वरूप दिन के अधिकतम तापमान में भी 2-4 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। इस वजह से ही ठंड में काफी कमी महसूस की गई।

उत्तरोत्तर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा का दौर शुरू हो सकता है जिसका असर लखनऊ तक भी देर से पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि 23 और 24 जनवरी को लखनऊ में भी बारिश हो सकती है।

Back to top button