
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस-2026 की फुल ड्रेस रिहर्सल आज है। इसके चलते कई मार्ग प्रभावित रहेंगे, जबकि कई मार्ग बंद रहेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे नई दिल्ली, मध्य दिल्ली व दक्षिण दिल्ली में आने बचें।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार फुल ड्रेस रिहर्सल सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागोन, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की गोल चक्कर वाली प्रतिमा, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर से होते हुए लाल किले पर समाप्त होगी।
रिहर्सल के चलते बृहस्पतिवार को शाम 6 बजे से शुक्रवार को परेड के अंत तक विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पर किसी भी यातायात की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बृहस्पतिवार को रात 11 बजे से परेड समाप्त होने तक रफी मार्ग, जनपथ और मान सिंह रोड पर कर्तव्य पथ पर क्रॉस-ट्रैफिक भी नहीं होगा।
आगे कहा गया है कि सी-हेक्सागन-इंडिया गेट शुक्रवार सुबह 9.15 बजे से परेड के तिलक मार्ग पार करने तक बंद रहेगा।
सुबह 10.30 बजे से तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और सुभाष मार्ग पर दोनों दिशाओं में यातायात की अनुमति नहीं होगी।
परेड की आवाजाही के आधार पर ही क्रॉस-ट्रैफिक की अनुमति दी जाएगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वह सुबह 9.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक परेड रूट से बचें।
मेट्रो उपलब्ध रहेगी
ड्रेस रिहर्सल समारोह के दौरान सभी स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। हालांकि उत्तरी दिल्ली से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन तक आवाजाही पर अभी कोई प्रतिबंध नहीं है। एडवाइजरी में लोगों से संभावित देरी से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने को कहा गया है।





