
लखनऊ। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK) के माध्यम से उत्तर प्रदेश में अल्पसंख्यकों के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं को लागू किया जा रहा है।
इसके तहत प्रदेश के सिख, जैन, बौद्ध व मुस्लिम जैसे अल्पसंख्यक समुदायों के विकास के लिए लगभग 364 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
ये परिजोजनाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, खेल, महिला एवं बाल कल्याण तथा नगर विकास जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं।
इस योजना में सबसे ज्यादा ध्यान अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की 10 विभिन्न परियोजनाओं के लिए 114.14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा के लिए 12.78 करोड़ रुपये, प्राविधिक शिक्षा के लिए 42.53 करोड़, चिकित्सा शिक्षा के लिए 27.88 करोड़ और व्यवसायिक शिक्षा के लिए 25.02 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। जबकि यूनानी विभाग की परियोजना के लिए 24.98 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
प्रदेश के अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं के कौशल विकास के लिए पीएमजेवीके के तहत 5.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
शारीरिक व खेल क्षमता के विकास के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की 64.22 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
महिला कल्याण एवं बाल विकास की परियोजनाओं के लिए लगभग 7.79 करोड़ रुपये की स्वीकृत दी गई है।
राज्य के अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में नगरीय सुविधाओं के विकास के लिए 6 परियोजनाओं के लिए 22.12 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
इसी तरह से ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग की 2 परियोजनाओं के लिए 3.94 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
कृषि एवं सहकारिता विभाग की 3 परियोजनाओं के लिए 10.15 करोड़ रुपये और दुग्ध विकास विभाग के लिए 1.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।





