
कोलंबो। भारत-पाकिस्तान मैच का ऐलान होते ही क्रिकेट का जुनून ऐसा चढ़ा कि कोलंबो (IND vs PAK Colombo match) जाने वाली फ्लाइट की टिकट्स सोने के भाव बिकने लगीं।
आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 ( ICC mens t20 world cup) में 15 फरवरी को होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले ने ट्रैवल मार्केट में आग लगा दी है।
हाल ये है कि दिल्ली और मुंबई से श्रीलंका की राजधानी कोलंबो जाने का किराया आम दिनों से 4-5 गुना (Delhi to Colombo flight price) तक उछल गया है।
ट्रैवल पोर्टल मेक माई ट्रिप (MakeMyTrip) पर दिख रहे किरायों के मुताबिक 14-15 फरवरी की उड़ानों में एक तरफ का टिकट ₹1.43 से ₹1.45 लाख तक पहुंच गया।
आम दिनों में यही किराया 25-30 हजार रुपए के आसपास रहता है। यानी सिर्फ मैच देखने जाने का फ्लाइट खर्च ही कई लोगों के पूरे ट्रिप बजट से ज्यादा हो चुका है।
दिल्ली-मुंबई से कोलंबो का किराया कितना पहुंचा?
नई दिल्ली से कोलंबो की डायरेक्ट फ्लाइट करीब 4 घंटे में पहुंचाती है। मैच से एक दिन पहले एयर इंडिया (Air India) की नॉन-स्टॉप फ्लाइट ₹90 हजार से ₹1.09 लाख तक दिख रही है।
वहीं श्रीलंकन एयरलाइंस (SriLankan Airlines) का किराया कुछ स्लॉट्स में ₹65 हजार से शुरू होकर ₹1.45 लाख तक जा रहा है।उधर मुंबई से कोलंबो की उड़ान लगभग 3 घंटे की है, लेकिन यहां भी हाल सस्ते नहीं हैं।
14 फरवरी की उड़ानों में किराया ₹56 हजार से ₹90 हजार तक दिख रहा है। मैच वाले दिन भी सस्ती सीट ढूंढना मुश्किल हो गया है।
होटल के किराए भी सातवें आसमान पर
सिर्फ फ्लाइट ही नहीं, होटल भी जेब ढीली करा रहे हैं। बड़े 4-5 स्टार होटलों में एक रात का किराया ₹1.10-1.14 लाख तक पहुंच चुका है, जबकि सामान्य दिनों में यही कमरे ₹35-40 हजार में मिल जाते हैं।
बजट ट्रैवलर्स के लिए राहत ये है कि छोटे गेस्ट हाउस अब भी ₹2-4 हजार में मिल सकते हैं, लेकिन वहां भी डिमांड तेजी से बढ़ रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार की मंजूरी के बाद मैच कन्फर्म हुआ और इससे ब्रॉडकास्ट व स्पॉन्सरशिप रेवेन्यू का बड़ा नुकसान टल गया। साथ ही, ये मुकाबला आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका के टूरिज्म सेक्टर के लिए भी बड़ी उम्मीद बन गया है।
हजारों भारतीय फैंस के पहुंचने से होटल, टैक्सी, रेस्टोरेंट और लोकल बिजनेस को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। यानी यह साफ है कि मैच सिर्फ मैदान पर नहीं, जेब पर भी हाई-वोल्टेज होने वाला है।





