
मुंबई। चेक बाउंस मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद एक्टर राजपाल यादव की मदद के लिए अब पूरा बॉलीवुड आगे आया है।
एक दिन पहले सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर राजपाल यादव की मदद की बात कही थी। उन्होंने बाकी इंडस्ट्री से भी ऐसे मुश्किल वक्त में राजपाल की मदद को आगे आने की अपील की थी।
इसके बाद से ही सेलेब्स लगातार एक्टर की मदद को आगे आ रहे हैं। अब राजपाल यादव के मैनेजर ने जानकारी दी है कि सोनू सूद के अलावा सलमान खान और अजय देवगन सरीखे स्टार भी अभिनेता की मदद के लिए आगे आए हैं। इसी मामले को लेकर राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव का बयान भी सामने आया है।
राजपाल की पत्नी बोलीं- सभी मददगार हैं
एक बातचीत में राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने कहा, ‘सब लोग उनके साथ खड़े हैं। पूरी इंडस्ट्री ने उनका साथ दिया है। मदद के लिए आगे आए हर व्यक्ति को बहुत-बहुत धन्यवाद।’
मदद को अब तक आगे आए ये स्टार्स
सलमान खान, अजय देवगन और वरुण धवन सरीखे स्टार्स के अलावा अब तक राजपाल यादव के समर्थन में कई सेलेब्स उतरे हैं।
इनमें सोनू सूद, गुरु रंधावा, गुरमीत चौधरी और केआरके जैसी इंडस्ट्री की हस्तियां शामिल हैं। हालांकि अधिकांश ने मदद की गई राशि का खुलासा नहीं किया।
राव इंद्रजीत ने 1.11 करोड़ रुपये का योगदान देने की बात कही और यहां तक कि राजपाल यादव के बैंक विवरण साझा करते हुए दूसरों से भी मदद करने का आग्रह किया।
उनकी अपील के बाद राजनेता तेज प्रताप यादव ने 11 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की, जबकि केआरके ने 10 लाख रुपये का योगदान देने की बात कही।
2010 का है चेक बाउंस मामला
राजपाल यादव साल 2010 के चेक बाउंस मामले में जेल में हैं। उन्होंने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ का निर्देशन करने के लिए एक कंपनी से करोड़ों रुपए लोन लिए थे।
कई मौकों के बावजूद वो जब लोन को नहीं चुका पाए, तब कोर्ट ने उन्हें तिहाड़ में सरेंडर करने का आदेश दिया। इसके बाद 5 फरवरी को राजपाल ने तिहाड़ में सरेंडर किया है। मामला 9 करोड़ रुपए की राशि से जुड़ा है।





