
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव 9 करोड़ रुपये का कर्ज न चुका पाने के मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। 5 फरवरी को अभिनेता ने कर्ज न चुका पाने की वजह से खुद को सरेंडर कर दिया था और तभी से वह जेल में बंद हैं।
राजपाल यादव के सरेंडर करते ही फिल्म इंडस्ट्री उनके साथ खड़ी हो गई। पहले सोनू सूद ने उनकी मदद की, फिर अजय देवगन, सलमान खान, अक्षय कुमार, TVF समेत तमाम सेलेब्स ने अपने-अपने प्रोजेक्ट्स में कास्ट करने का वादा किया। अब राजपाल यादव को एक और सेलेब का साथ मिल गया है।
राजपाल यादव को मिली एक और फिल्म
यह सेलिब्रिटी बॉक्सर विजेंदर सिंह हैं। बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ऐलान किया है कि वह राजपाल की मदद करेंगे और उन्हें अपनी आगामी फिल्म में कास्ट करेंगे।
उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, “मैं सच्चे टैलेंट की इज्जत करता हूं। राजपाल ने भारतीय सिनेमा को बहुत कुछ दिया है।”
विजेंदर सिंह ने आगे लिखा, “उन्होंने बहुत से किरदारों के जरिए हमारे चेहरों पर मुस्कान लाई है। मैं राजपाल यादव जी को मेरी अगली फिल्म का हिस्सा बनने के लिए इनवाइट करता हूं जिसके राइटर-डायरेक्टर संजय संजू सैनी हैं। हम इस समय उन्हें सपोर्ट करना चाहते हैं।”
राजपाल को सेट पर देखने के लिए बेताब डायरेक्टर
विजेंदर सिंह के इस पोस्ट पर उनकी आगामी फिल्म के डायरेक्टर संजय संजू सैनी ने भी रिएक्ट किया है। उन्होंने लिखा, “हम राजपाल यादव सर को अपने सेट पर देखना पसंद करेंगे। विजेंदर सिंह भाईसाब को धन्यवाद। यह सपोर्ट सिर्फ राजपाल यादव सर को ही नहीं, हमारी फिल्म को भी बड़ा करेगी। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद भाईसाब।”
क्यों जेल में बंद हैं राजपाल यादव?
साल 2010 में मुरली प्रोजेक्ट्स से राजपाल यादव ने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू ‘अता पता लापता’ के लिए 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था जो फिल्म की असफलता के बाद वह चुका नहीं पाए।
15 साल बाद यह रकम जुर्माने और ब्याज के साथ 9 करोड़ रुपये की हो गई है। चेक बाउंस होने के बाद 5 फरवरी 2026 को राजपाल ने खुद को सरेंडर किया। अब 16 फरवरी को मामले की सुनवाई होगी।





