IND vs ZIM: ‘बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे’, जीत के बाद भी खुश नहीं कप्‍तान सूर्या

चेन्नई। टी20 विश्‍व कप 2026 के सुपर-8 में भारतीय टीम का खाता खुला गया है। गुरुवार को भारत ने जिम्‍बाब्‍वे को 72 रन से मात दी। मैच के हीरो हार्दिक पांड्या रहे। भारतीय ऑलराउंडर ने 23 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए।

वहीं अभिषेक शर्मा ने 55 रन की पारी खेली। जीत के बाद भी भारतीय कप्‍तान सूर्यकुमार यादव खुश नजर नहीं आए। उन्‍होंने यह बात मानी कि हम गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे।

इतना ही नहीं सूर्या ने वेस्‍टइंडीज के खिलाफ अगले मैच का प्‍लान भी शेयर किया। यह मैच 1 मार्च को कोलकाता में खेला जाएगा।

भारतीय टीम ने ऐसे की वापसी

भारतीय कप्‍तान ने कहा, “मुझे लगता है कि हम सब कुछ पीछे छोड़ना चाहते थे। हमने लीग स्‍टेज में या अहमदाबाद में खेले गए पिछले मैच में जो कुछ किया, उसके बारे में ज्यादा नहीं सोचा।

हमारे वीडियो एनालिस्‍ट ने सभी बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए एक स्लाइड तैयार की थी। इसमें पिछले एक साल में हमारे अच्छे प्रदर्शन को दिखाया गया था। हमने उसे देखा, इससे काफी पॉजिटिविटी मिली और हम क्लियरटी के साथ यहां आए।”

गेंदबाजी बेहतर हो सकती थी

उन्‍होंने कहा, “टॉप ऑर्डर से लेकर सातवें नंबर तक के बल्लेबाजों के योगदान को देखते हुए मुझे लगता है कि हमारे प्रदर्शन में शायद ही कोई कमी थी।

सच कहूं तो हम गेंदबाजी में थोड़ा और बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे लेकिन आखिरकार, जीत तो जीत होती है, और हम इसे लेकर आगे बढ़ेंगे।”

जिम्‍बाब्‍वे की तारीफ

SKY ने कहा, “वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलते समय हम कुछ चीजों पर खास ध्यान देंगे। जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों की तारीफ करना मैं नहीं भूलूंगा। मुझे लगता है उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की।

विकेट अच्छा था, लेकिन जिस तरह से उन्होंने पारी की शुरुआत की, पावरप्ले में समय लेकर खेलना और फिर तेजी से रन बनाना, वह वाकई प्रभावशाली था। इसका श्रेय उन्हें भी जाता है।”

अब वेस्‍टइंडीज से टक्‍कर

सूर्यकुमार ने कहा, “गेंदबाजी के दृष्टिकोण से देखें तो महत्वपूर्ण क्षणों में कुछ विकल्पों को लेकर हम थोड़ा और समझदारी से काम ले सकते थे।

ऐसी परिस्थितियों में हमें अपने फैसलों में साहसी होना पड़ता है। सकारात्मक रास्ता अपनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

कोलकाता पहुंचने के बाद हम बैठकर उस मैच के लिए ठीक से योजना बनाएंगे। फिलहाल, एक दिन का आराम, यात्रा और मौज-मस्ती का समय है।”

Back to top button