
वाशिंगटन। ईरान पर जारी हमलों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने बुधवार को कहा, ईरान के खिलाफ अमेरिकी अभियान उम्मीदों से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
ट्रंप ने अमेरिकी अभियान द्वारा किए जा रहे हमलों को लेकर 10 पैमाने पर लगभग 15 रेटिंग दी है। इतना ही नहीं ट्रंप ने इजरायल के साथ मिलकर अभियानों को आगे बढ़ाना का संकल्प लिया है। ऐसे में लग रहा है कि यह युद्ध अभी खत्म होने वाला नहीं है।
तेजी से कमजोर हो रहा ईरान का नेतृत्व
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान का नेतृत्व तेजी से कमजोर हो रहा है। साथ ही कहा, “हम अभी बहुत मजबूत स्थिति में हैं, और उनका नेतृत्व तेजी से कमजोर हो रहा है। जो भी नेता बनना चाहता है, उसकी मौत हो जाती है।”
ट्रंप ने आगे कहा कि तेहरान के बैलिस्टिक मिसाइल भंडार को भी तेजी से नष्ट किया जा रहा है। ट्रंप ने दोहराया कि यह हमला ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के उद्देश्य से किया गया था।
पागल लोगों के पास परमाणु हथियार होते हैं, तो…
उन्होंने कहा, “जब पागल लोगों के पास परमाणु हथियार होते हैं, तो बुरी चीजें होती हैं,” उन्होंने ओबामा के कार्यकाल के पिछले परमाणु समझौते को “अब तक का सबसे खराब समझौता” और “परमाणु हथियार की ओर ले जाने वाला मार्ग” बताया।
बहुत अच्छा प्रदर्शन
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि हम युद्ध मोर्चे पर बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं… हम आगे भी अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे। हमारे पास दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना है। यह कई वर्षों तक हमारे लिए एक बड़ा खतरा रहा है – 47 वर्षों तक उन्होंने हमारे लोगों को मारा।





