लखनऊ में मां-बेटे की गला घोंटकर हत्या, टब में मिला बेटे का शव

लखनऊ। उप्र की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज तहसील के सिसेंडी गांव में सोमवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई।

घर के अंदर 45 वर्षीय मां रेशमा और उनके दृष्टिहीन बेटे शादाब की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। रेशमा का शव कमरे में जबकि शादाब का शव पानी के टब में औंधे मुंह पड़ा मिला।

रेशमा का शव नग्नावस्था में था जबकि उनके बेटे के कपड़े भी अस्त व्यस्त थे। देर रात तक घर में लाइट न जलने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलकर वह अंदर पहुंचे तो दोनों के शव देख चीख पुकार मच गई।

पुलिस ने फारेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। एडीसीपी आर वसंत कुमार, एसीपी विकास पांडेय भी मौके पर पहुंचे।

इंस्पेक्टर मोहनलालगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार, सिसेंडी निवासी इकबाल अहमद की कोविड काल में मौत हो चुकी है।

पहली पत्नी आसिया की मृत्यु के बाद उन्होंने रेशमा से दूसरी शादी की थी। रेशमा ने पहले पति की मौत के बाद इक़बाल से शादी की थी।

इकबाल की कोविड काल में मौत हो चुकी है। रेशमा अपने दृष्टिहीन बेटे शादाब के साथ सिसेंडी स्थित घर में रहती थी। ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार देर शाम तक घर में लाइट नहीं जली तो लोगों को संदेह हुआ। कई बार आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद ग्रामीण दरवाजा खोलकर अंदर गए तो रेशमा का शव कमरे में पड़ा मिला, जबकि शादाब का शव घर में नल के पास पानी के टब औंधे मुंह पड़ा था। महिला का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिलने से घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

शादाब के बहनोई ने बताया कि सोमवार शाम उनकी फोन पर शादाब से बात हो रही थी। शादाब ने बताया कि उसकी अम्मी मसाला लेने गई हैं। इसी दौरान वह घबराकर बोला कि किसी ने दरवाजे पर लात मारी है।

इतना कहने के बाद फोन अचानक कट गया। इसके बाद अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने पड़ोसी को फोन कर घर जाकर देखने को कहा।

एसीपी मोहनलालगंज विकास पांडेय के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों की हत्या रस्सी से गला कसकर की गई है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और कई पहलुओं पर जांच की जा रही है।

मिनी सचिवालय के पास जमीन को लेकर हुआ था विवाद

ग्रामीणों के अनुसार रेशमा की सिसेंडी में करीब तीन हजार वर्गफीट जमीन मिनी सचिवालय के पास है। इसे लेकर गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद चल रहा था। पुलिस इस बिंदु को जांच में शामिल कर रही है। रंजिश, लूट और अन्य पहुलओं पर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

Back to top button