
जम्मू। जम्मू के ग्रेटर कैलाश क्षेत्र में बुधवार रात एक विवाह समारोह में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री और नेकां अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को गोली मारने का प्रयास हुआ।
उनके सुरक्षा घेरे ने हमले को विफल बना दिया और फारूक बाल-बाल बच गए। इस दौरान गोली के छर्रे लगने से उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को हल्की चोट आई है।
आरोपित 63 वर्षीय कमल सिंह जम्वाल को सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर दबोच लिया। हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें हमलावर पीछे से आकर फारूक पर गोली चलाने का प्रयास करता दिख रहा है। बता दें कि फारूक अब्दुल्ला को जेड प्लस सिक्योरिटी मिली है।
हमला उस समय हुआ जब रात फारूक अब्दुल्ला, सुरिंदर चौधरी और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकर नासिर असलम वानी रायल पार्क बैंक्वेट हाल में वरिष्ठ वकील की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपित पीछे से आया और लाइसेंसी हथियार से फारूक को निशाना बनाने का प्रयास किया।
कौन है फायरिंग करने वाला आरोपी कमल सिंह?
फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग करने के आरोपित कमल सिंह ने पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में कुबूला है कि वह करीब 20 वर्षों से फारूक अब्दुल्ला को मारने की सोच रहा था। हालांकि, उसने अब तक इस नफरत या इरादे के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की है।
सूत्रों के अनुसार आरोपित कमल सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसे बुधवार को शादी समारोह में फारूक अब्दुल्ला को निशाना बनाने का मौका मिला, लेकिन वह अपने मकसद में सफल नहीं हो पाया।
इंटरनेट मीडिया पर एक बयान में जम्मू दक्षिण के एसपी अजय शर्मा ने बताया कि फारूक सुरक्षित हैं। आरोपित को काबू कर लिया।
पुलिस उसके इरादों व पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। वह जम्मू शहर के पुरानी मंडी इलाके का निवासी है। उसके बारे में पूछताछ की जा रही है।





