
नई दिल्ली। IPL 2026 का हाल ही में शेड्यूल जारी हुआ। 28 मार्च से 19वें सीजन का आगाज होगा। इससे पहले 3 बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स ने बड़ा बदलाव किया है। KKR ने आईपीएल 2026 के लिए जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल किया है।
खबरों के मुताबिक, मुजरबानी ने आईपीएल में खेलने के लिए अपना पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का अनुबंध छोड़ दिया है।
पिछले महीने PSL की नीलामी में जिम्बाब्वे के इस खिलाड़ी को कोई खरीदार नहीं मिला था। हालांकि, वेस्टइंडीज के शमर जोसेफ के स्थान पर इस्लामाबाद यूनाइटेड ने मुजरबानी को अपने साथ जोड़ा था।
विश्व कप में चटकाए 13 विकेट
मुजरबानी ने हाल ही में खत्म हुए टी20 विश्व कप 2026 में कमाल की गेंदबाजी की। वह टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।
मुजरबानी ने 6 मुकाबलों में 13 विकेट चटकाए थे। टॉप पर 14-14 विकेट के साथ संयुक्त रूप से जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती रहे। जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन किया और टीम सुपर-8 में पहुंची।
2017 में किया डेब्यू
6 फीट 8 इंच लंबे ब्लेसिंग मुजरबानी ने 2017 में डेब्यू करने के बाद से जिम्बाब्वे के लिए सभी फॉर्मेट में गेंदबाजी की है। 89 टी20 इंटरनेशनल मैचों में मुजरबानी ने 106 विकेट लिए हैं।
इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 7.24 है। वह सीपीएल, आईएलटी20, पीएसएल और यहां तक कि इंग्लैंड में विटैलिटी ब्लास्ट में भी शामिल हैं।
वह आईपीएल से दूसरे बार जुड़ने जा रहे हैं। इससे पहले 2025 में वह रिप्लेसमेंट के तौर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से जुड़े थे।
17 मार्च को भारत पहुंचेंगे
मुजरबानी 17 मार्च को कोलकाता पहुंचेंगे और टीम से जुड़ेंगे। इस साल की शुरुआत में केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया था।
फ्रेंचाइजी ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। केकेआर आईपीएल 2026 में अपना पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी।





