अचानक सिलेंडर खत्म होने का डर छोड़ें, 3 घरेलू तरीकों से पहले ही जान लें कितनी गैस है बाकी

नई दिल्ली। ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध ने पूरी दुनिया के साथ-साथ हमारी रसोई को भी हिला कर रख दिया है। दोनों देशों के बीच चल रहे इस तनाव के कारण एलपीजी (LPG) गैस की सप्लाई चैन पर असर पड़ा है और इसकी किल्लत का डर हर घर को सता रहा है।

ऐसे में थोड़ी-थोड़ी गैस भी बहुत ज्यादा कीमती है। इन दिनों गैस मिलने में काफी मुश्किल हो रही है। जरा सोचिए, अगर खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर का खत्म हो जाए, तो यह स्थिति किसी भी परिवार के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है।

इसलिए अगर यह पता चल जाए कि आपके घर में मौजूद गैस सिलेंडर में कितनी गैस बाकी है, तो हम पहले से ही सतर्क रह सकते हैं।

ये हैं तीन तरीके

गीले कपड़े का इस्तेमाल

यह गैस चेक करने का सबसे पुराना और आजमाया हुआ नुस्खा है। इसके लिए आपको एक साफ सूती कपड़ा लेना होगा और फिर उसे पानी में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें। अब इस गीले कपड़े को पूरे सिलेंडर पर ऊपर से नीचे अच्छी तरह से फेरें और एक या दो मिनट तक इंतजार करें।

आप देखेंगे कि सिलेंडर का जो हिस्सा खाली होगा, वहां का पानी जल्दी सूख जाएगा। वहीं, जिस हिस्से में गैस भरी होगी, वह हिस्सा ठंडा रहेगा और वहां का पानी देर से सूखेगा।

वजन से पता लगाएं

यह गैस का वजन पता करने का एक बिल्कुल सटीक तरीका है। इसके लिए आपके पास बस घर में एक वजन नापने वाली मशीन होनी चाहिए।

हर सिलेंडर के ऊपर लोहे की पट्टी पर उसका खाली वजन लिखा होता है, जो आमतौर पर 15 से 16 किलो के बीच होता है। वहीं, एक भरे हुए घरेलू सिलेंडर में 14.2 किलो गैस होती है।

आप अपने सिलेंडर को मशीन पर रखकर उसका कुल वजन तौलें। अब कुल वजन में से सिलेंडर का खाली वजन घटा दें। जो वजन बचेगा, उतनी ही गैस आपके सिलेंडर में मौजूद है।

चूल्हे की लौ से करें पता

कभी-कभी आपका गैस स्टोव भी आपको सिग्नल देता है कि गैस खत्म होने वाली है। अगर गैस की लौ अचानक से धीमी हो जाए या पहले जितनी तेज न जले, तो समझ जाओ कि गैस खत्म होने वाली है।

हालांकि, इस बात का भी ध्यान रखें कि कभी-कभी बर्नर गंदा होने या गैस पाइप में प्रेशर कम होने से भी ऐसा हो सकता है, लेकिन अक्सर यह गैस खत्म होने का ही इशारा होता है।

Back to top button