
लखनऊ। उप्र की राजधानी लखनऊ में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) गरीबों के लिए बहुमंजिला 848 आवास बनाएगा। शारदा नगर विस्तार में 12 मंजिला चार टावर बनाने पर 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एक साल के अंदर इन आवासों का पंजीकरण शुरू कराया जाएगा।
साथ ही राजधानी में आवासीय व कमर्शियल भवनों का नक्शा पास कराना भी महंगा हो गया है। मानचित्र स्वीकृति का दाम तीन प्रतिशत बढ़ा है। ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम (ओबीपास) से मानचित्र स्वीकृत होंगे।
200 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे वन व टू बीएचके अफोर्डेबल हाउस
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में शुक्रवार को पारिजात सभागार में प्राधिकरण बोर्ड की 187वीं बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट को भी मंजूरी मिल गयी है। इसमें शारदा नगर विस्तार योजना में अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम भी शामिल है, जिसमें 200 करोड़ रुपये की लागत से 848 बजट फ्रेंडली भवन विकसित किए जाएंगे।
असल में, डालीबाग स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के लोकार्पण के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम नागरिकों के लिए बजट फ्रेंडली आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
अब शारदा नगर विस्तार योजना में अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम लांच की जाएगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, इन आवासों के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी के पास 12,494 वर्गमीटर भूमि चिह्नित की गयी है। योजना में 12 मंजिल के चार टावरों में 848 फ्लैट्स बनेंगे।
इसमें वन बीएचके के 156 फ्लैट होंगे, प्रत्येक फ्लैट 40 वर्गमीटर क्षेत्रफल का होगा। इसी तरह टू बीएचके के 692 फ्लैट्स 55 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे।
योजना में स्वच्छ जल व विद्युत आपूर्ति, स्टिल्ट पार्किंग, लिफ्ट, पार्क, किड्स प्ले एरिया समेत अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।
बैठक में सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा व सीपी त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, मुख्य नगर नियोजक केके गौतम, मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह, प्राधिकरण बोर्ड के सदस्य पीएन सिंह व पुष्कर शुक्ल समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।
अनंत नगर योजना के प्रभावितों को मिलेंगे फ्लैट
एलडीए की अनंत नगर (मोहान रोड) आवासीय योजना से प्रभावित लोगों को एलडीए राहत देने जा रहा है।
योजना से आच्छादित ग्राम-कलियाखेड़ा एवं प्यारेपुर में कुछ लोगों द्वारा प्राधिकरण की अर्जित भूमि पर अवैध रूप से भवनों का निर्माण करा लिया गया था।योजना के विकास के दौरान प्राधिकरण द्वारा उक्त अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
अब प्राधिकरण उक्त भवनों में रहने वाले परिवारों को देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना में तय नियम व शर्तों पर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराएगा। 22 लोगों को भुगतान करके टू बीएचके फ्लैट मिलेंगे। बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति मिल गयी है।





