
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत साल 2008 से हुई थी। 2026 में ये लीग अपने 18 साल पूरे कर रही है। लीग की शुरुआत से अब तक महेंद्र सिंह धोनी ऐसे खिलाड़ी हैं जो अभी तक इस लीग में खेल रहे हैं।
धोनी ने बतौर कप्तान चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार आईपीएल जिताया। उन्होंने कई रिकॉर्ड भी बनाए जिसमें से एक रिकॉर्ड तो ऐसा है जिसका टूटना काफी मुश्किल है।
धोनी के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड है जिसे तोड़ने के लिए किसी भी विकेटकीपर को लंबा खेलना होगा और आज के दौर में कोई इस मुकाम पर पहुंच पाए ये मुमकिन नहीं दिख रहा है। धोनी के नाम बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा शिकार करने का रिकॉर्ड हैं।
बढ़ता जाएगा आंकड़ा
धोनी के नाम बतौर विकेटकीपर 2008 से 2025 तक 278 मैचों में कुल 201 शिकार करने का रिकॉर्ड है। इसमें 154 कैच और 47 स्टम्पिंग हैं।
धोनी इस सीजन में भी खेलते हुए नजर आएंगे और उनके इस आंकड़े में इजाफा होना लाजमी है। धोनी का ये रिकॉर्ड टूटना मुमकिन नहीं लग रहा है।
दूसरे नंबर पर दिनेश कार्तिक हैं जो संन्यास ले चुके हैं। कार्तिक के नाम 257 मैचों में 174 शिकार दर्ज हैं जिसमें 137 कैच और 37 स्टम्पिंग हैं।
तीसरे नंबर पर ऋद्धिमान साहा हैं जिन्होंने 2008 से 2024 तक 170 मैच खेले और कुल 113 शिकार किए। इनमें उन्होंने 87 कैच लिए तो 26 स्टम्पिंग की हैं।
चौथे नंबर पर ऋषभ पंत का नाम हैं जो 125 मैचों में कुल 101 बल्लेबाजों को आउट किया है जिसमें 77 कैच और 24 स्टम्पिंग शामिल हैं।
देखा जाए तो पंत मौजूदा समय में इकलौते ऐसे विकेटकीपर हैं जो धोनी के रिकॉर्ड के पास जाने की रेस में हैं, लेकिन तोड़ पाना उनके लिए काफी मुश्किल हो सकता है।
हो सकता है आखिरी सीजन
धोनी ने साल 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, लेकिन वह आईपीएल में खेलते हैं।
उनके इंटरनेशनल संन्यास के बाद हर आईपीएल सीजन की शुरुआत से पहले ये बातें होती हैं कि ये धोनी का आखिरी सीजन होगा, लेकिन ऐसा होता नहीं है। इस बार भी ऐसी चर्चा है, लेकिन स्थिति को देखा जाए तो इस बार ये सच हो सकता है।
धोनी का घुटना उन्हें काफी परेशान करता आ रहा है और इसके कारण वह आईपीएल में संघर्ष करते हुए भी दिखाई दिए हैं। ऐसे में बहुत संभावना है कि ये उनका आखिरी सीजन हो।





