‘तबाही मचाने को तैयार हैं ट्रंप’, प्रस्ताव ठुकराने पर व्हाइट हाउस ने दी चेतावनी

वाशिंगटन। अमेरिका की शर्तों पर ईरान नहीं झुका है जिसके कारण राष्ट्रपति ट्रंप काफी भड़क गए हैं। इस बीच व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ईरान को बेहद सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मध्य पूर्व में शांति के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ईरान युद्ध समाप्त करने के समझौते को स्वीकार नहीं करता है, तो उसे भयानक कार्रवाई और पहले से कहीं अधिक करारे झटके का सामना करना पड़ेगा।

लीविट ने जोर देकर कहा कि ट्रंप की चेतावनियां केवल दिखावा या धोखा नहीं हैं, बल्कि वे तबाही मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

अमेरिका ने ईरान को आगाह किया है कि वह अपनी सैन्य पराजय की वास्तविकता को स्वीकार करे और दोबारा कोई गलती न करे, अन्यथा उसे इसका भारी खामियाजा भुगतना होगा।

रॉयटर के अनुसार, खाड़ी देशों की ओर ईरानी हमले भी बढ़े हैं। यूएई ने पांच मिसाइल और 17 ड्रोन इंटरसेप्ट करने का दावा किया। सऊदी अरब ने कई ड्रोन मार गिराने की पुष्टि की, जबकि कुवैत में मिसाइल मलबा गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित रही।

बहरीन में एक सैनिक की मौत हुई और वहां स्थित अमेजन के डाटा सेंटर को भी नुकसान पहुंचा, जिससे क्लाउड सेवाओं पर असर पड़ा।

इराक में ईरान समर्थित पीएमएफ पर हमला

एपी के अनुसार, इराक के इर्बिल में पेशमरगा बलों पर ईरानी मिसाइल हमलों में छह लड़ाके मारे गए और 30 घायल हुए।

वहीं अन्बार में ईरान समर्थित पापुलर मोबिलाइजेशन फोर्स (पीएमएफ) के मुख्यालय और ठिकानों पर अमेरिकी-इजरायली हमलों में 15 लड़ाके मारे गए। हमले के बाद इराक के पीएम शिया उल सूडानी ने आपात बैठक बुलाई। अब तक 81 लोग मारे गए हैं।

Back to top button