बंगाल SIR: दूसरी सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी, आंकड़ों पर ‘सस्पेंस’ बरकरार

कोलकाता। बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की दूसरी पूरक सूची शुक्रवार देर रात चुनाव आयोग ने जारी कर दी।

आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर दूसरी सूची का लिंक दे दिया गया है, जहां जाकर ‘विचाराधीन’ श्रेणी वाले लोग अपनी वर्तमान स्थिति का पता कर सकते हैं।

हालांकि अंतिम मतदाता सूची से कटे व उसमें जुड़े कुल नामों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कारण, पहली सूची की तरह ही दूसरी सूची को लेकर भी आयोग की तरफ से कोई प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है।

इसलिए इस बार भी पता नहीं चल पा रहा है कि अब तक कुल कितने विचाराधीना मामलों का निपटारा हुआ है और उनमें से कितनों के नाम कटे व जुड़े हैं।

इस बीच बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के सूत्रों से जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार अब तक 37 लाख विचाराधीन मामलों का निपटारा हो चुका है।

बंगाल में एसआइआर की पहली पूरक सूची गत सोमवार रात करीब 11.45 बजे जारी हुई थी और उसके चार दिन बाद दूसरी सूची लगभग उसी समय जारी की गई है।

अंतिम मतदाता सूची गत 28 फरवरी को जारी हुई थी, जिनमें कुल 63,66,952 लोगों के नाम हटाए गए थे जबकि 60,06,675 नाम ‘विचाराधीन’ श्रेणी में थे।

Back to top button