MCD पर भी अब आम आदमी पार्टी का कब्ज़ा, भाजपा के हाथ से फिसली सत्ता    

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिल गया है। पार्टी ने निगम की 250 में से 134 सीटों पर जीत दर्ज की है। डेढ़ दशक से MCD में काबिज बीजेपी सत्ता से बाहर हो गई है। बीजेपी ने 103 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि कांग्रेस 10 सीटों पर सिमट गई है। निर्दलीय को 3 सीटों पर जीत मिली है।

आप को बहुमत, पर डिप्टी सीएम व सत्येंद्र जैन के क्षेत्रों में करारी हार

दिल्ली नगर निगम चुनाव की तस्वीर अब साफ हो गई है। आम आदमी पार्टी ने एमसीडी चुनाव में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। भारतीय जनता पार्टी से 15 साल की सत्ता छिन गई। हालांकि, दिल्ली सरकार के कई बड़े मंत्री अपने क्षेत्रों के वार्डों को नहीं जिता पाए।

डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और जेल में बंद मंत्री सत्येंद्र जैन के विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को जीत नहीं नसीब हुई। मनीष सिसोदिया के पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के चार में से तीन वार्डों पर भाजपा का कब्ज़ा हुआ है जबकि सत्येंद्र जैन के शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र में आने वाले तीनों वार्ड में भी भाजपा को जीत मिली है।

किसके लिए अच्छी खबर, किसके लिए झटका?

जाहिर तौर पर इस चुनाव में आम आदमी पार्टी को फायदा और भाजपा को नुकसान हुआ है। भाजपा यहां 2007 से लगातार जीत रही थी। 15 साल से एमसीडी पर उसका राज था। 2002 में यहां कांग्रेस जीती थी, लेकिन उससे पहले 1997 में भी यहां भाजपा को जीत मिली थी। इस चुनाव में दिल्ली के मतदाताओं ने भाजपा को बहुमत हासिल करने से रोक दिया।

आम आदमी पार्टी के लिए यह अच्छी खबर इसलिए है क्योंकि अब तक वह सिर्फ विधानसभा में मजबूत थी। तीन बार से एमसीडी और दो बार से लोकसभा चुनाव में भाजपा ही मजबूत नजर आती थी। अब 15 साल बाद एमसीडी भाजपा के हाथ से फिसल गया है।

Back to top button