मोरक्को को हराकर फाइनल में पहुंचा फ्रांस, मेसी की अर्जेंटीना से होगी भिडंत  

दोहा। कतर में चल रहे फुटबॉल विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में गत चैंपियन फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही फ्रांस ने लगातार दूसरी और कुल चौथी बार फाइनल में अपनी जगह बनाई है।

अब उसका मुकाबला लियोनल मेसी की अर्जेंटीना से 18 दिसंबर को होगा। वहीं, मोरक्को की हार से अफ्रीकी और अरब देशों का सपना टूट गया। मोरक्को अब तीसरे स्थान के लिए 17 दिसंबर को क्रोएशिया के खिलाफ उतरेगा।

फ्रांस की शानदार जीत

फ्रांस के लिए मैच में पहला गोल पांचवें मिनट में थियो हर्नांडेज ने किया। फ्रांस ने 79वें मिनट में अपनी बढ़त को दोगुनी कर ली। उसके लिए रैंडल कोलो मुआनी ने टीम के लिए दूसरा गोल किया। वह सब्सीट्यूट के तौर पर उतरे ही थे। उन्होंने उतरने के 44 सेकंड बाद ही गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।

फ्रांस की टीम लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। उसने पिछली बार 2018 में क्रोएशिया को खिताबी मुकाबले में हराया था। तब वह 1998 के बाद चैंपियन बना था। फ्रांस की नजर तीसरी बार चैंपियन बनने पर है। फाइनल में उसका मुकाबला रविवार (18 दिसंबर) को अर्जेंटीना से होगा। दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना की टीम ने सेमीफाइनल में क्रोएशिया को 3-0 से हराया था।

Back to top button