सरगम कौशल के नाम मिसेज व‌र्ल्ड 2022 का खिताब, पेशे से हैं शिक्षिका

जम्मू। जम्मू की बेटी सरगम कौशल का मिसेज व‌र्ल्ड 2022 का खिताब जीतना देश के लिए गौरव भरा पल रहा। परिवार में खुशी का माहौल है तो जम्मू-कश्मीर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। बेटी की उपलब्धि पर माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक रहे हैं। जम्मू के बाहु फोर्ट में सरगम के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

पेशे से शिक्षिका हैं सरगम

पेशे से शिक्षिका सरगम के पिता जीएस कौशल बैंक आफ इंडिया में चीफ मैनेजर रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि सरगम की मेहनत रंग लाई है। सरगम की शिक्षा के क्षेत्र में विशेष रुचि है। वह चाहती हैं कि शिक्षकों का पुराना सम्मान लौटना चाहिए। वह अभी अमेरिका में है। बेटी के जनवरी में जम्मू आने की योजना है। उसके पति नौ सेना में हैं। उनकी ड्यूटी मुंबई में है।

मिसेज इंडिया व‌र्ल्ड 2022 भी हैं सरगम

सरगम मिसेज इंडिया व‌र्ल्ड 2022 भी हैं। वह दिसंबर में अमेरिका में होने वाली मिसेज व‌र्ल्ड प्रतियोगिता के लिए चुनी गई थीं। मिसेज इंडिया व‌र्ल्ड 2022 का खिताब जितने के बाद सरगम जम्मू आई थीं। सफलता के लिए सरगम ने पति लेफ्टिनेंट आदित्य मनोहर शर्मा को श्रेय दिया।

साल 2018 में हुई थी शादी

सरगम कौशल की शादी 2018 में हुई थी। शादी के बाद से उन्होंने ब्यूटी पेजेंट जीतने की ठान ली थी। इसके बाद उन्होंने मुंबई आकर माडलिंग शुरू की और कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

सरगम कौशल की हायर सेकेंडरी की शिक्षा प्रजेंटेशन कांवेंट से हुई है। स्नातक महिला कालेज गांधीनगर से और मास्टर्स डिग्री, बीएड जम्मू यूनिवर्सिटी से की है।

Back to top button