ASI शंभु दयाल के परिजनों को एक करोड़ रुपये की मदद का एलान  

नई दिल्ली। दिल्ली के मायापुरी थाना क्षेत्र में एक लुटेरे द्वारा चाकू से किए गए हमले में शहीद एएसआइ शंभु दयाल (ASI Shambhu Dayal) के परिवार को दिल्ली सरकार ने 1 करोड़ रुपये की मदद देने का ऐलान किया है। गौरतलब है कि उक्त हमले में घायल एएसआइ शंभु दयाल की रविवार 8 जनवरी को उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा, “जनता की रक्षा करते हुए ASI शंभु जी ने अपनी जान तक की परवाह नहीं की। वे शहीद हो गये। हमें उन पर गर्व है। उनकी जान की कोई कीमत नहीं पर उनके सम्मान में हम उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देंगे।”

बता दें कि मूल रूप से राजस्थान के सीकर, तहसील नीम का थाना, गांव गवली बिहारीपुर के रहने वाले शंभु दयाल अपने पीछे पत्नी संजना, दो बेटियां गायत्री व प्रियंका और बेटे दीपक को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से दिल्ली पुलिस में शोक की लहर है। मंगलवार को इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।

शंभु दयाल के साहस व कर्तव्यनिष्ठा पर गर्व

दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया कि बीएलके अस्पताल में उपचार के दौरान शंभु दयाल की मौत हो गई। हमें उनकी बहादुरी पर गर्व है। दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए इस ट्वीट के बाद कई लोगों ने इसे री-ट्वीट किया और कहा कि आरोपित को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। शंभु दयाल वर्ष 1993 में बतौर कांस्टेबल दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे।

यह है पूरा मामला

घटनाक्रम के अनुसार 4 जनवरी की शाम चार बजे एक महिला ने थाना पहुंचकर पुलिस को बताया कि उनके पति से बदमाश ने मोबाइल झपट लिया है। थाने में यह मामला एएसआइ शंभु दयाल को सौंपा गया। वे महिला को साथ लेकर उनके कहे अनुसार दिल्ली-रेवाड़ी रेलवे लाइन की ओर गए। यहां झुग्गियों में महिला ने आरोपित को पहचान लिया।

पलक झपकते ही शंभु ने उसे पकड़ लिया और उसे थाना ले जाने लगे। इससे पहले कि वे थाना पहुंचते, आरोपित अनीस ने अचानक चाकू से उनके पेट, कमर, गर्दन सहित कई जगह वार कर दिया।

इसके बावजूद शंभु ने हिम्मत नहीं छोड़ी, वे उसे काबू करने में जुटे रहे। इस बीच उनके साथ मौजूद महिला और उसके पति ने शोर मचा दिया। इसी बीच, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविकांत भी पुलिसकर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे और अनीस को काबू किया।

ASI Shambhu Dayal, Martyr ASI Shambhu Dayal, ASI Shambhu Dayal Delhi police,

Back to top button