उप्र: कच्ची दीवार ढहने से परिवार के छह लोग दबे, दंपति व बच्चे की मौत

बिधूना (औरैया- उप्र)। उप्र के औरैया जनपद के कुदरकोट क्षेत्र के गांव गोपियापुर में शुक्रवार की देर रात छप्पर सहित कच्ची दीवार ढहने से वहां सो रहे दंपति समेत परिवार के छह लोग दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुन पड़ोसी पहुंचे तो दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया।

मलबे से बाहर निकालने तक दंपती समेत एक बच्चे की मौत हो चुकी थी। अन्य घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लाया गया। जहां से सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों में तीन बच्चे हैं।

घटना रात तकरीबन पौने 12 बजे की है। मकान काफी पुराना होने की वजह से यह हादसा हुआ। छप्पर सहित दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। चारपाई पर सो रहे इंद्रवीर (40) और उनकी पत्नी शकुंतला (38) सहित 12 वर्षीय विकास, आकाश, अनुराग व अंशु दब गए।

दीवार गिरने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग पहुंचे। उन्होंने मलबे में दबे दंपति सहित बच्चों को बाहर निकाला। इस दौरान शकुंतला, इंद्रवीर और विकास की मौत हो चुकी थीं। अन्य बच्चों की हालत नाजुक बनी है। गुजैनी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। क्षेत्राधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक चारू निगम देर रात घटनास्थल पर पहुंच गईं। चारू निगम ने बताया कि हादसे में दंपती समेत तीन की मौत की जानकारी मिली है। अन्य घायलों की भी हालत नाजुक है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Back to top button