जम्मू के रामबन से रवाना हुई भारत जोड़ो यात्रा, 30 जनवरी को होगी संपन्न    

जम्मू। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। आज इस यात्रा का 131वां दिन है। राहुल गांधी अगुवाई में यात्रा आज सुबह बाथी, मैत्रा रामबन से रवाना हुई। ये यात्रा लंबेड ट्रक यार्ड से होते हुए बनिहाल तक जाएगी। यात्रा 30 जनवरी को श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर मैदान में संपन्न होगी।

सात सितंबर 2022 को शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा के अब महज 5 दिन बचे हैं। शनिवार 21 जनवरी को जम्मू के नरवाल मंडी इलाके में धमाके के बाद यात्रा के आयोजन स्थलों और राहुल गांधी की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

राहुल गांधी के नेतृत्व में निकली रही यात्रा में भीड़ उमड़ रही है। यात्रा को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। यात्रा जिस क्षेत्र से गुजरती है वहां के लोग पारंपरिक वेशभूषा में राहुल गांधी और यात्रा का स्वागत कर रहे हैं। लोग उन्हें प्रामाणिक संस्कृति दिखाते हुए गर्मजोशी से उनका स्वागत करते हैं। हर दिन बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं।

पदयात्रा को लेकर राहुल गांधी का कहना है कि यात्रा से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। जो चीजें हवाई जहाज, हेलीकॉप्टर या गाड़ी में यात्रा करते समय नहीं समझी जा सकतीं। किसानों से हाथ मिलाने के बाद ही कोई समझ पाता है कि वे क्या कर रहे हैं। यह हेलीकॉप्टर से नहीं सीखा जा सकता है। भारत जोड़ने के उद्घोष के साथ कन्याकुमारी से शुरू हुई यह ऐतिहासिक यात्रा जम्मू-कश्मीर में अपने मकसद के बेहद करीब है।

Back to top button