फिर विवादों में पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली, पत्नी से मारपीट का केस दर्ज

मुंबई। भारत के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली फिर विवादों में हैं। कांबली पर अपनी पत्नी से गाली-गलौज करने और मारपीट का आरोप लगा है। कांबली के खिलाफ बांद्रा पुलिस थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी उन्हें गिरफ्तार नहीं किया है।

विनोद कांबली की पत्नी एंड्रिया हेविट (Andrea Hewitt) ने कहा कि उनके पति ने शराब के नशे में मारपीट की है। एंड्रिया ने अपनी शिकायत में कहा कि कांबली ने उन्हें गाली दी और मारपीट की। मुंबई पुलिस ने इसकी जानकारी दी है।

पहले भी विवादों में रहे विनोद कांबली

बता दें कि इससे पहले भी विनोद कांबली विवादों में फंसते रहे हैं। बीते साल फरवरी में कांबली ने अपनी सोसायटी के गेट में कार से टक्कर मार दी थी। विवाद होने पर उन्होंने सोसायटी के लोगों से बहस भी की थी। इसके चलते उन्हें गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें बेल पर रिहा कर दिया गया था।

विनोद कांबली का क्रिकेट करियर

कांबली ने भारत के लिए अपने क्रिकेट करियर के दौरान 17 टेस्ट मैच खेले। टेस्ट मैच में उन्होंने 54.20 की औसत से 1084 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में 4 शतक लगाए थे और उनका बेस्ट स्कोर 227 रन था। इसके अलावा कांबली ने 104 वनडे मैच भी खेले हैं। वनडे मैचों में उन्होंने 32.59 की औसत से कुल 2477 रन बनाए हैं। इसमें उन्होंने दो शतक भी लगाए। वनडे क्रिकेट में उनका बेस्ट स्कोर 106 रन रहा था।

Back to top button