यूक्रेन के मारियुपोल पहुंचे व्लादिमीर पुतिन दिखे बेफिक्र, कार चलाकर घूमे पूरा शहर

मास्को। एक साल से अधिक समय से चल रहे रूस यूक्रेन युद्ध के चलते यूक्रेन के कई शहर पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं। रूस पर कई देशों ने तमाम प्रतिबंध लगाए हैं। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट तक जारी कर दिया है।

इन सबसे बेफिक्र रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज रविवार को अचानक यूक्रेन के मारियुपोल शहर पहुंच गए। यूक्रेन के डोनेट्स्क राज्य में पड़ने वाले इस शहर पर पिछले साल मई से रूस का पूरी तरह से कब्जा है।

कार चलाकर घूमे पूरा शहर, लोगों से बात भी की

रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन पहले क्रीमिया पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए मारियुपोल शहर पहुंच गए। पुतिन ने खुद कार चलाकर शहर के कई इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बात भी की। मारियुपोल के समुद्र तट की भी जांच की।

और क्या रहा खास?

मारियुपोल में व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में अपने सैन्य अभियान के शीर्ष कमान से मुलाकात।

चीफ ऑफ जनरल स्टाफ वालेरी गेरासिमोव से मुलाकात, जो यूक्रेन में रूस के आक्रमण के प्रभारी हैं।

दोनों के बीच दक्षिणी रूस में रोस्तोव-ऑन-डॉन कमांड पोस्ट पर हुई बैठक।

ICC ने जारी किया है गिरफ्तारी वारंट

बता दें कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ शुक्रवार को गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। कोर्ट ने कहा- पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध अपराध किए हैं। वो यूक्रेनी बच्चों के अपहरण और डिपोर्टेशन के अपराध के लिए जिम्मेदार हैं। हालांकि, रूस ने युद्ध अपराधों के आरोपों से इनकार किया है।

वारंट पर यूक्रेन ने कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। वारंट के बाद अब पुतिन के सामने और भी मुश्किल चुनौतियां आने वाली हैं।

Back to top button