महाराष्ट्र CM के अयोध्या दौरे से पहले मकान में विस्फोट, पति पत्नी की मौत

अयोध्या। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अयोध्या दौरे से पहले अयोध्या कोतवाली में यलो जोन में हनुमानगढ़ी चौराहे के निकट एक मकान में आग लग गई। इस दौरान एक विस्फोट भी हुआ। इस घटना में पति पत्नी की मौत हो गई।

शनिवार-रविवार आधी रात को संवेदनशील इलाके में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। दमकलकर्मियों ने आकर आग तो बुझा ली, लेकिन आग लगने और विस्फोट के कारण की अभी छानबीन चल रही है।

अयोध्या में यलो जोन के इस मकान में रमेश अपनी पत्नी ऊषा के साथ रहता था। बताया जाता है कि मृतक गृहस्वामी रमेश पतंग बनाने का काम करता था और दीपावली में पटाखे बेचता था।

विस्फोट के पीछे यही आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी इस पर खुलकर कुछ नहीं बोल रही है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और घटना की छानबीन भी की जा रही है।

Back to top button