सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने का ऑपरेशन कावेरी जारी, देखें यह मार्मिक तस्वीर     

जेद्दाह। सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन कावेरी जारी है। भारतीयों को IAF C-130J विमान में पोर्ट सूडान से सऊदी अरब के जेद्दाह शहर लाया जा रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सूडान से अब तक 530 भारतीयों को निकाला गया है।

भारतीय वायु सेना के अधि‍कारी देशवासियों की हर तरह से मदद को तैयार हैं। इस बीच एक बेहद मार्म‍िक और दिल को खुश करने वाली तस्‍वीर सामने आई है। इस तस्‍वीर में भारतीय वायु सेना के जवान व्हीलचेयर पर बैठे एक व्यक्ति की मदद कर रहे हैं।

भारतीय वायु सेना गरुड़ विशेष बल के अधि‍कारी ने बच्‍ची को बेहद से प्‍यार से गोद में उठाया हुआ है और उसके सर पर हाथ रखकर उसे विमान में ले जा रहे हैं। इसका वीडियो भी सामने आया है। वायु सेना के अधि‍कारी की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।

सैन्य विमानों और युद्धपोतों को किया तैनात

भारतीयों को सूडान से निकालने के लिए भारत ने अपने सैन्य विमानों और युद्धपोतों को तैनात कर दिया है। पोर्ट सूडान से 135 भारतीयों का तीसरा जत्था IAF C-130J विमान से जेद्दा पहुंच गया है। इससे पहले सूडान में फंसे 121 भारतीयों का दूसरा जत्था IAF C-130J विमान में पोर्ट सूडान से जेद्दा के लिए रवाना हुआ।

केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा कि भारतीयों को जेद्दा बंदरगाह पर रिसीव कर खुशी हुई। जेद्दा में उत्कृष्ट समर्थन के लिए सऊदी अधिकारियों का धन्यवाद।

विदेश मंत्री डॉ.एस जयशंकर ने ट्वीट किया, “मैं सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान और सऊदी अरब के अधिकारियों को उनके पूर्ण सहयोग के लिए धन्यवाद देता हूं।”

केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने ट्वीट किया, “जेद्दा पहुंचे सभी लोगों के लिए भारत की आगे की यात्रा जल्द ही शुरू होगी।”

Back to top button