उप्र निकाय चुनाव: पहले चरण का मतदान आज, CM योगी आदित्यनाथ ने डाला वोट  

लखनऊ। उप्र के नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान आज सुबह सात बजे से शुरु हो गया है। मतदान शाम छह बजे तक होगा। मतदान के लिए बुधवार सुबह ही पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गईं थीं।

पहले चरण में प्रदेश के नौ मंडलों के 37 जिलों में 10 नगर निगमों, 104 नगर पालिका परिषदों और 276 नगर पंचायतों के चुनाव होंगे। करीब 2.40 करोड़ मतदाता 7593 पदों के लिए 44 हजार से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में किया मतदान

गोरखपुर मंडल के चार जिलों में नगर निकाय के पहले चरण में एक नगर निगम, सात नगर पालिका और 44 नगर पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ कन्या प्राथमिक विद्यालय स्‍थ‍ित वार्ड 78 में बने पिंक बूथ पर सबसे पहले मतदान किया।

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने किया मतदान

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने लखनऊ में चिल्ड्रेन पैलेस मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। इस अवसर पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि बसपा प्रदेश में पूरे दमखम के साथ लड़ रही है। नतीजे निकाय चुनाव के बसपा के पक्ष में आने वाले हैं और सभी को मताधिकार का प्रयोग आज करना चाहिए।

फिरोजाबाद में आठ और शिकोहाबाद में पकड़े गए दो फर्जी वोटर

फिरोजाबाद नगर निगम क्षेत्र की श्रीराम कालोनी स्थित हेम कान्वेंट गर्ल्स स्कूल में 8 महिला पुरुष फर्जी आधार कार्ड से वोट डालने पहुंचे। जानकारी होने पर सभी को पुलिस ने पकड़ ल‍िया। इस दौरान उनके पास से म‍िले आधार कार्ड भी जब्‍त किए गए हैं। शिकोहाबाद में भी दो फर्जी वोटर पकड़े गए हैं।

Back to top button