आगरा: सड़क किनारे खड़े बच्चों को कार ने रौंदा, तीन की मौत; CM ने जताया दुःख

आगरा। उप्र के आगरा जनपद के डौकी थाना क्षेत्र में आज गुरुवार को सुबह-सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्कूल बस के इंतजार में सड़क किनारे खड़े बच्चों को कार ने रौंद दिया। इनमें से तीन की मृत्यु हो गई, जबकि दो को गंभीर हालत में हास्पिटल में भर्ती कराया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद आगरा में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने व घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

हादसा आज गुरुवार सुबह आठ बजे हुआ। डौकी थाना क्षेत्र के गांव बास महापत में बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे। तभी फतेहाबाद रोड की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने पांच बच्चों को रौंद दिया। कुछ बच्चों ने सड़क किनारे भागकर जान बचाई।

दूसरी ओर, गुस्साए ग्रामीणों ने फतेहाबाद-आगरा रोड पर जाम लगा दिया। बच्चों ने गांव में जाकर स्वजनों को बताया। वे मौके पर पहुंच गए और रोड पर जाम लगा दिया। एसीपी फतेहाबाद सौरभ सिंह ने बताया कि हादसे में तीन बच्चों की मृत्यु हुई है। दो को हास्पिटल में भर्ती करा दिया है। ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।

Back to top button